देश के कई हिस्से इस समय भारी बारिश और बाढ़ जैसी आपदाओं से जूझ रहे हैं। बुधवार को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू, गुजरात और केरल में तेज बारिश के कारण हालात गंभीर हो गए।
हिमाचल प्रदेश में बादल फटा, तीन की मौत
हिमाचल के कुल्लू जिले में तीन अलग-अलग स्थानों पर बादल फटने की घटनाएं हुई हैं। सैंज घाटी के जीवा नाला, गढ़सा घाटी के शिलागढ़ और बंजार के होरनगढ़ में भारी बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात बन गए। इन हादसों में बाप-बेटी समेत तीन लोग पानी में बह गए।
उत्तराखंड में कार नहर में गिरी, चार की मौत
उत्तराखंड के हल्द्वानी में बुधवार सुबह एक कार नहर में गिर गई। हादसे में कार सवार सात लोगों में से चार की मौत हो गई। मृतकों में एक तीन दिन का नवजात भी शामिल है।
जम्मू में तवी नदी उफान पर, एक व्यक्ति का रेस्क्यू
जम्मू में मंगलवार रात की तेज बारिश के चलते तवी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। नदी में एक शख्स के फंसने की सूचना मिली, जिसे SDRF की टीम ने सीढ़ियों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला।
गुजरात के सूरत में जलभराव, कई इलाकों में रेस्क्यू
गुजरात के सूरत में भारी बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात हैं। परवत पाटिया इलाके में पानी का स्तर 5 फीट से ऊपर पहुंच गया। कई रिहायशी सोसायटियों में पानी भरने से लोगों को ट्रैक्टर के सहारे सुरक्षित निकाला गया। एक बीमार बुजुर्ग को स्ट्रेचर पर लिटाकर एम्बुलेंस तक पहुंचाया गया।
केरल के वायनाड में भी रेड अलर्ट
केरल के वायनाड जिले में बुधवार सुबह से लगातार तेज बारिश हो रही है। चूरलमाला समेत आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ का अलर्ट जारी किया गया है। पिछले साल इन इलाकों में भूस्खलन की घटनाओं में 369 लोगों की मौत हुई थी।
अन्य राज्यों में भी अलर्ट
मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी अगले कुछ दिनों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए प्रशासन अलर्ट पर है, लेकिन लगातार बारिश से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।

