राजस्थान पहली बार खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2025 की मेजबानी करने जा रहा है। 24 नवंबर से 5 दिसंबर तक चलने वाले इस महाकुंभ में 7 हजार से अधिक एथलीट 24 खेल श्रेणियों में प्रतिस्पर्धा करेंगे। इसके लिए बुधवार शाम आमेर किले के ऐतिहासिक जलेब चौक में लोगो, मैस्कॉट, एंथम, टॉर्च और जर्सी का अनावरण किया जाएगा।
राज्य के युवा मामले एवं खेल विभाग के शासन सचिव और राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष डॉ. नीरज के. पवन ने बताया कि खेलों का आयोजन राज्य के सात शहरों—जयपुर, अजमेर, भरतपुर, उदयपुर, बीकानेर, जोधपुर और कोटा—में किया जाएगा। इस बार पहली बार कैनोइंग, कयाकिंग, बीच वॉलीबॉल और साइक्लिंग को शामिल किया गया है।
केआईयूजी 2025 में 23 पदक वाले खेल और एक प्रदर्शन खेल (खो-खो) शामिल होंगे। तीरंदाजी, एथलेटिक्स, हॉकी, मुक्केबाजी, बैडमिंटन, कबड्डी, भारोत्तोलन, तैराकी, निशानेबाजी सहित कई इवेंट्स में मुकाबले होंगे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशन में राज्य सरकार ने आयोजन को भव्य और सफल बनाने की तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला स्तर पर समितियां गठित की गई हैं और खेल मैदानों को तैयार किया जा चुका है। आयोजन का लाइव प्रसारण प्रसार भारती द्वारा किया जाएगा।
देशभर के लगभग 200 विश्वविद्यालयों से खिलाड़ी भाग लेंगे और खेलों का आयोजन संभागवार होगा—जयपुर में 11, उदयपुर में 3 और अन्य शहरों में 2-2 खेल आयोजित किए जाएंगे।
खेल अधिकारियों का मानना है कि यह आयोजन राज्य में खेल संस्कृति को नई दिशा देगा और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए नई प्रतिभाओं को तैयार करेगा।

