LIVE: हिमाचल प्रदेश में वोटिंग जारी, पीसीसी चीफ प्रतिभा सिंह ने शिमला में बेटे विक्रमादित्य के साथ डाला वोट; मतदान केंद्रों के बाहर लगीं लाइनें

Front-Page Himachal Elections 2022 Politics

शिमला : हिमाचल प्रदेश की सभी 68 विधानसभा सीटों पर आज 12 नवंबर को चुनाव हो रहे हैं। मतदान सुबह 08 बजे शुरू हो गया, जो शाम 05 बजे तक चलेगा। सुबह 08 बजे से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें लगनी शुरू हो गई हैं। इस बार प्रदेश के 55,92,828 मतदाता चुनावी रण में उतरे 412 उम्मीदवारों की राजनीतिक किस्मत आज ईवीएम में कैद कर देंगे। इनमें 24 महिलाएं भी शामिल हैं। हिमाचल की मतगणना 08 दिसंबर को होगी।

हिमाचल प्रदेश में कुल मतदाताओं में 67559 सेवा मतदाता, 22 प्रवासी भारतीय मतदाता तथा 5525247 आम मतदाता हैं। राज्य में पुरुषों की अपेक्षा महिला मतदाताओं की संख्या अधिक है। इनमें 2854945 महिलाएं, 2737845 पुरुष तथा 38 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। मतदान के लिए उन प्रवासी मतदाताओं को मूल पासपोर्ट दिखाना होगा, जो पासपोर्ट विवरण अनुसार जन प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत मतदाता सूचियों में शामिल हैं।

 कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा, ”प्रिय हिमाचल वासियों, आप सब अपने व अपने प्रदेश के हालातों को भलीभांति समझते हैं। अपनी परिस्थितियों को देखते हुए पूरी सूझबूझ से मतदान का कर्तव्य निभाएं व हालातों को बदलने व हिमाचल के भविष्य को बुनने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। जय हिंद। जय हिमाचल।”

– केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर से भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि उत्तराखंड, यूपी, मणिपुर और गोवा में फिर बनी हमारी सरकार, इस बार हिमाचल और गुजरात में भी होगी…कांग्रेस को झूठे वादे करने की आदत है और जनता उनका असली चेहरा जानती है।

– हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा सिंह और उनके बेटे और पार्टी विधायक विक्रमादित्य सिंह ने शिमला के रामपुर में वोट डाला।

– हिमाचल प्रदेश के मंत्री और शिमला से बीजेपी विधायक सुरेश भारद्वाज ने शिमला विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र 63/87 पर अपना वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि सुबह के रूझान के मुताबिक बीजेपी एक बार फिर से सरकार बनाएगी। लोग भारी संख्या में मतदान कर रहे हैं।

– बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने वोटिंग से पहले परिवार सहित मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि आज का दिन विशेष है। हिमाचल की देवतुल्य जनता आज अगले पांच सालों के लिए अपना निर्णय करने वाली है। विवेकपूर्ण तरीके से प्रदेश और देश के हित में निर्णय करने वाली है। आज का दिन अगले पांच साल की नींव रखने वाला दिन है। इस बार रिवाज बदलेगा

– हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सराज विधानसभा में मतदान केंद्र संख्या 44 पर जाकर मतदान किया। उन्होंने कहा कि मेरा लोगों से अनुरोध है कि आप मतदान के लिए जरूर जाएं और प्राथमिकता के आधार पर जाएं। आप ज्यादा से ज्यादा वोट डालें।

– हिमाचल प्रदेश के शिमला में मतदान केंद्र नंबर 63/87 छोटा शिमला पर हिमाचल के मंत्री सुरेश भारद्वाज ने मतदान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा रिवाज बदल रही है। भाजपा भारी बहुमत से आएगी और दोबारा सरकार बनाएगी।

– हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मतदान करने से पहले मंडी के सराज में एक मंदिर में दर्शन किए।

–  केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हिमाचल विधानसभा चुनाव के दौरान मजबूत सरकार चुनने के लिए महिलाओं, युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की है।

– हिमाचल प्रदेश की सभी 68 विधानसभा सीटों के लिए मतदान शुरू हुआ।

– हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि हिमाचल के सभी लोग आज मतदान को लेकर बहुत उत्साहित हैं। वे सभी आज मतदान करेंगे और हिमाचल प्रदेश में नई सरकार बनाने में मदद करेंगे।

– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, ”हिमाचल प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों के लिए आज मतदान का दिन है। देवभूमि के समस्त मतदाताओं से मेरा निवेदन है कि वे लोकतंत्र के इस उत्सव में पूरे उत्साह के साथ भाग लें और वोटिंग का नया रिकॉर्ड बनाएं। इस अवसर पर पहली बार वोट देने वाले राज्य के सभी युवाओं को मेरी विशेष शुभकामनाएं।”

– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश के मतदाताओं से आज विधानसभा चुनाव में भाग लेने का अनुरोध किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *