महाकुंभ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़,प्रयागराज में लंबा जाम

Front-Page Maha Kumbh Prayagraj 2025 National

प्रयागराज में महाकुंभ के 28वें दिन रविवार की छुट्टी के चलते संगम पर श्रद्धालुओं की जबरदस्त भीड़ उमड़ पड़ी। शहर के सभी प्रमुख मार्गों पर 10 से 15 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे वाहनों की रफ्तार थम गई। लखनऊ, वाराणसी, कानपुर और रीवा से आने-जाने वाले रास्तों पर भी 10-10 किलोमीटर तक गाड़ियों की लंबी कतारें देखी गईं।

श्रद्धालु आकाश द्विवेदी, जो लखनऊ लौट रहे थे, ने बताया कि उनकी गाड़ी तीन घंटे से मलाका गांव के जाम में फंसी हुई है। लखनऊ की ओर से आने वाले लोगों को करीब 30 किलोमीटर दूर नवाबगंज से ही जाम का सामना करना पड़ रहा है, जबकि रीवा रोड पर गौहनिया से और झूंसी की तरफ सराय इनायत से भी जाम की स्थिति बनी हुई है।

प्रयागराज जंक्शन पर इमरजेंसी क्राउड मैनेजमेंट लागू

स्टेशन पर बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए इमरजेंसी क्राउड मैनेजमेंट प्लान लागू किया गया है। यात्रियों को अब सिटी साइड से प्रवेश दिया जा रहा है। वाराणसी से आने वाली ट्रेनों में जबरदस्त भीड़ है। हालात ऐसे हैं कि वाराणसी में जगह न मिलने पर कुछ महिलाओं ने ट्रेन के इंजन में घुसकर गेट बंद कर लिया, जिन्हें बाद में पुलिसकर्मियों ने बाहर निकाला। हरदोई में भीड़ के गुस्से का असर दिखा, जहां ट्रेन का गेट न खुलने पर श्रद्धालुओं ने हंगामा किया और कोच में तोड़फोड़ कर दी।

मेला क्षेत्र में आग, एक कल्पवासी टेंट जलकर खाक

रविवार सुबह मेला क्षेत्र के सेक्टर-19 में आग लगने की घटना सामने आई। इसमें एक कल्पवासी का टेंट जलकर खाक हो गया। दमकल कर्मियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया।

अब तक 42 करोड़ श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

कुंभ प्रशासन के अनुसार, रविवार को अचानक भीड़ बढ़ गई, जिसके चलते संगम पर श्रद्धालुओं को ज्यादा देर तक रुकने नहीं दिया जा रहा है। सुबह 8 बजे तक 57 लाख श्रद्धालु स्नान कर चुके थे। अब तक 42 करोड़ लोग महाकुंभ में डुबकी लगा चुके हैं।

अखिलेश यादव ने श्रद्धालुओं से की मुलाकात

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कन्नौज के पास लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर महाकुंभ से लौट रहे श्रद्धालुओं से मुलाकात की। वह सैफई जाते समय रुके और लोगों से हालचाल जाना।

उत्तराखंड के सीएम और कर्नाटक के डिप्टी सीएम आज लगाएंगे डुबकी

महाकुंभ में श्रद्धालुओं के साथ देश के कई नेता भी आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। आज उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार संगम में स्नान करेंगे। शनिवार को 1.22 करोड़ श्रद्धालुओं ने पवित्र डुबकी लगाई थी।