I.N.D.I.A ब्लॉक की दिल्ली मे मीटिंग:राहुल गांधी लोकसभा में नेता विपक्ष बनाए जा सकते हैं

Front-Page National Politics

TMC से जुड़े सूत्रों ने गुरुवार 6 जून को दावा किया कि पश्चिम बंगाल में कई बीजेपी के सांसद और विधायक उनकी पार्टी के संपर्क में हैं। इसको लेकर आने वाले हफ्ते में पार्टी इस पर फैसला ले सकती है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी लोकसभा में नेता विपक्ष चुने जा सकते हैं। माना जा रहा है कि कांग्रेस संसदीय दल की बैठक में उन्हें नेता चुना जाएगा।

मोदी के पास बहुमत नहीं: राउत

I.N.D.I.A ब्लॉक की बैठक के बाद शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी पार्टी के पास बहुमत नहीं है। वे अस्थिर सरकार देना चाहते हैं। I.N.D.I.A ब्लॉक के पास जनादेश भी है और संख्या भी है।

भाजपा 237-240 पर अटकी है। अस्थिर सरकार चलाना मोदी जी का काम नहीं है। वह मोदी की सरकार, मोदी की गारंटी के बारे में बात करते थे। अगर वे सरकार बनाने की कोशिश करेंगे तो उन्हें अपने गठबंधन सहयोगियों TDP और JDU पर निर्भर रहना होगा।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने X पर पोस्ट करके लिखा- बनने जा रहे एक तिहाई प्रधानमंत्री से हमारे 4 सवाल –

  1. 30 अप्रैल 2014 को पवित्र नगरी तिरुपति में आपने आंध्र प्रदेश को विशेष दर्जा देने का वादा किया था। क्या वह वादा अब पूरा होगा?
  2. क्या आप विशाखापट्टनम स्टील प्लांट के निजीकरण को अब रोकेंगे?
  3. क्या आप बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देकर अपने 2014 के चुनावी वादे और अपने सहयोगी नीतीश कुमार की दस साल पुरानी मांग को पूरा करेंगे?
  4. क्या आप बिहार के जैसा ही पूरे देश में जाति जनगणना करवाने का वादा करते हैं?

राहुल कांग्रेस संसदीय दल के नेता चुने जा सकते हैं

कांग्रेस संसदीय दल की बैठक जल्द होगी। पार्टी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि इसमें राहुल गांधी को संसदीय दल का नेता चुना जा सकता है। ऐसे में राहुल लोकसभा में नेता विपक्ष भी होंगे।

संजय राउत बोले- फडनवीस ने अत्याचार, प्रतिशोध और छल की राजनीति की

शिवसेना (UTB) नेता संजय राउत ने महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडनवीस पर अत्याचार, प्रतिशोध और छल की राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा- महाराष्ट्र अपनी राजनीतिक सभ्यता और संस्कृति के लिए जाना जाता था, उसे फडणवीस ने नष्ट करने का काम किया। पेशवा काल में आनंदी बाई थीं, महाराष्ट्र की राजनीति में फडणवीस आनंदी बाई हैं।

फडणवीस ने दो पार्टियां तोड़ीं, अब वे आंसू बहा रहे हैं। महाराष्ट्र में बदले और तबादले की राजनीति कभी नहीं हुई, इसकी शुरुआत फडणवीस ने की है। इस लोकसभा चुनाव में जनता ने इसका बदला ले लिया है। जनता ने फडणवीस को दिखा दिया है कि आपकी बदले और तबादले की राजनीति महाराष्ट्र में नहीं चलेगी।

प्रियंका ने पोस्ट करके यूपी कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया

प्रियंका गांधी ने X पर लिखा- यूपी कांग्रेस के मेरे सभी साथियों को मेरा सलाम। मैंने आपको धूप और धूल में कड़ी मेहनत करते हुए देखा, आप झुके नहीं, आप रुके नहीं, कठिन से कठिन दौर में आपने लड़ने की हिम्मत दिखाई। आपको प्रताड़ित किया गया, आप पर फर्जी मुकदमे लगाए गए, जेल में डाला गया, बार-बार नजरबंद किया गया मगर आप डरे नहीं। कई नेता डर के चले गए, आप टिके रहे। मुझे गर्व है आप पर और यूपी की जागरूक जनता पर, जिसने इस देश की गहराई और सच्चाई को समझा और हमारे संविधान को बचाने का ठोस संदेश पूरे भारत को दिया। आपने आज की राजनीति में एक पुराना आदर्श फिर से स्थापित किया है- कि जनता के मुद्दे सर्वोपरि हैं, इनको नकारने की कीमत भारी होती है। चुनाव जनता का है, जनता ही लड़ती है, जनता ही जीतती है।

I.N.D.I.A की बैठक में 19 पार्टियों के 33 नेता शामिल

  • मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस
  • सोनिया गांधी, कांग्रेस
  • राहुल गांधी, कांग्रेस
  • के.सी. वेणुगोपाल, कांग्रेस
  • प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस
  • शरद पवार, NCP
  • सुप्रिया सुले, NCP
  • एम.के. स्टालिन, DMK
  • टी.आर. बालू, DMK
  • अखिलेश यादव, SP
  • रामगोपाल यादव, SP
  • अभिषेक बनर्जी, TMC
  • अरविंद सावंत, SS (UBT)
  • संजय राउत, SS (UBT)
  • तेजस्वी यादव, RJD
  • संजय यादव, RJD
  • सीताराम येचुरी, CPI (M)
  • दीपांकर भट्टाचार्य, CPI (ML)
  • डी. राजा, CPI
  • चंपई सोरेन, JMM
  • कल्पना सोरेन, JMM
  • संजय सिंह, AAP
  • राघव चड्ढा, AAP
  • उमर अब्दुल्ला, JKNC
  • सैय्यद सादिक अली शिहाब थंगल, IUML
  • पी. के. कुन्हालीकुट्टी, IUML
  • जोस के मणि, KC (M)
  • थिरु थोल. थिरुमावलवन, VCK
  • डी. रविकुमार, VCK
  • एन.के. प्रेमचंद्रन, RCP
  • डॉ. एम.एच. जवाहिरुल्लाह, MMK
  • जी देवराजन, AIFB
  • थिरु ईआर ईश्वरन, KMDK

सामना की संपादकीय- मोदी की तीसरी कसम… चौथा अंक ही सत्य है!

शिवसेना (UBT) के मुख पत्र सामना ने अपनी संपादकीय में पीएम मोदी और भाजपा पर निशाना साधा है। सामाना ने लिखा- लोकसभा चुनाव के नतीजों में नरेंद्र मोदी और उनकी बीजेपी की फजीहत हुई है। जनता ने उन्हें लगभग सत्ता से बाहर कर दिया है। यह खींचतान करते समय लोगों ने सभ्यता और संस्कृति का परिचय दिया है। इसका अनैतिक लाभ मोदी उठा रहे हैं।

भारतीय जनता पार्टी को सरकार बनाने के लिए साधारण बहुमत भी नहीं मिला। उनकी भटकती आत्मा 240 पर ही लटकती हुई दिख रही है। फिर भी मोदी ने बहुमत देने के लिए जनता को धन्यवाद दिया है। लोकसभा नतीजों ने मोदी को जमीन पर ला दिया और उन्होंने कहा, ‘मेरी मां की मृत्यु के बाद यह मेरा पहला चुनाव है।’ चलिए, आखिरकार मोदी ने स्वीकार कर लिया कि वे आसमान से नहीं गिरे हैं, बल्कि किसी भी अन्य नश्वर इंसान की तरह अपनी मां के गर्भ से पैदा हुए हैं।

मोदी के पास ये कहने के अलावा कोई चारा नहीं है। क्योंकि उनके देवत्व, अवतार और बाबागीरी का मुखौटा काशी नगरी में ही लोगों ने नोचकर उतार दिया है। मोदी ने यह घोषणा कर अपनी हार स्वीकार कर ली कि वह अब अपने ‘ब्रांड’ की यानी मोदी सरकार नहीं, बल्कि ‘रालोआ’ की सरकार बना रहे हैं। ‘मोदी सरकार’, ‘मोदी गारंटी’, ‘मोदी है तो मुमकिन है’, ‘मोदी तो भगवान है’ जैसी फेंकू कल्पनाओं को इस नतीजे ने कूड़े दान का रास्ता दिखाया।

अगर मोदी सरकार बनाते भी हैं तो उनकी तस्वीर एक व्यंग्यचित्र होगी। पूरे शरीर में फ्रैक्चर और प्लास्टर लपेटे हुए मोदी नीतीश कुमार और चंद्राबाबू नायडू की बैसाखी लिए चल रहे हैं। उन बैसाखियों के सहारे ही उन्हें सरकार चलानी होगी। ये बैसाखी भी क्या अंत तक साथ देंगे, इसकी कोई गारंटी नहीं है।

कहा जा रहा है कि मोदी की भाजपा ने 240 सीटें जीती हैं। इस आंकड़े में भी हेराफेरी है। एनडीए का दिखाया जा रहा 291 का आंकड़ा छलावा है। ऐसे में तीसरी बार शपथ लेने के लिए मोदी ने भले ही राष्ट्रपति भवन में बहुमत का कागज पेश किया हो, लेकिन वह कागज और उस पर बहुमत का आंकड़ा उनकी ‘एम.ए.’ इन एंटायर पॉलिटिक्स डिग्री की तरह रहस्यमयी होगा।

मोदी के पास अपना बहुमत नहीं है और बैसाखी का बहुमत मोदी की अभिमानी प्रकृति के अनुकूल नहीं है। इसीलिए भारत की जनता ने बहुत विनम्रता से मोदी को सत्ता से हटने का संदेश दिया है। आपका काम हो चुका है। बेवजह देर न करें और खुद की ज्यादा बेइज्जती न करवाएं, पर मोदी और शाह महाशय का ‘सभ्यता’ और ‘संस्कृति’ इन दो महान हिंदू शब्दों से कोई संबंध न पड़ा हो, इसलिए अब मोदी की सरकार नहीं है, तो एनडीए की सरकार बनाए जाने की घोषणा उन्होंने की है।

अगर ऐसा हुआ तो मोदी को कई बैसाखियों के नियमों-शर्तों पर काम करना होगा। मोदी अब तक एनडीए आदि को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन काशी के भगवान ने प्रभु श्रीराम को उनके अहंकार को खत्म करने के लिए एनडीए के चरणों में ला दिया। इस बार मोदी को राम नहीं मिले। क्योंकि श्रीराम अहंकार के शत्रु हैं और उन्होंने अहंकार को हराकर अयोध्या में रामराज्य की स्थापना की।

वाराणसी में प्रचार खत्म होते ही मोदी ने 10 कैमरों के साथ साधना शुरू कर दी, लेकिन वाराणसी में उनका मताधार तेजी से गिर गया। इसे भगवान का प्रसाद ही कहना होगा। भारतीय जनता पार्टी को मिली २४० सीटें ‘मोदी’ ब्रांड का चमत्कार नहीं है। भाजपा ने यह आंकड़ा राज्यों में क्षेत्रीय पार्टियों की मदद से हासिल किया है।

मोदी ने महाराष्ट्र में 18 सभाएं और कई रोड शो किए। 18 में से 14 सीटों पर भाजपा हार गई। मोदी नागपुर में नहीं गए, वहां भाजपा के नितिन गडकरी जीते। भारतीय जनता पार्टी का ‘आरोप’ था कि महाराष्ट्र में शिवसेना सांसद मोदी की फोटो लगाकर जीते। जनता ने इस बार भाजपा का यह भ्रम तोड़ दिया।

शिवसेना के नौ सांसद उद्धव ठाकरे के चेहरे पर और राष्ट्रवादी कांग्रेस के आठ सांसद शरद पवार के चेहरे पर जीते। इसके उलट महाराष्ट्र में ‘मोदी-मोदी’ करने वालों की संख्या 23 से 9 हो गई। मोदी के बगैर महाविकास आघाड़ी ने 30 सीटें जीतीं।

मोदी जैसे लोगों से दोस्ती करने की बजाय उनसे दुश्मनी करना ज्यादा फायदेमंद है। यह अनुभव है कि मोदी और उनकी मतलबी पार्टी संकट में साथ देने वाले मित्रों को ही नष्ट कर देती है। इसलिए चंद्राबाबू नायडू को बहुत सावधान रहना चाहिए। बाबू की उंगली पकड़कर भाजपा आंध्र में घुस चुकी है। बाबू को खत्म करने की योजना उनके दिमाग में होगी।

नवीन पटनायक की बीजू जनता दल ने दिल्ली में दस साल तक मोदी सरकार को बिना शर्त समर्थन दिया। दस साल बाद भाजपा ने ओडिशा से नवीन पटनायक और बीजू जनता दल का सफाया कर दिया। पटनायक अब निर्वासन में चले गए हैं। पूरे देश में भाजपा ने यही और यही किया। भाजपा नमक और शब्दों पर तटस्थ रहनेवाली पार्टी नहीं है और मोदी इसके लिए प्रसिद्ध हैं।

चंद्राबाबू और अन्य लोग जानते हैं कि मोदी का भारतीय सभ्यता और संस्कृति से कोई संबंध नहीं है, लेकिन बाबू ने भी राजनीति में कई गर्मी और बरसात देखे हैं। इसलिए वे ऐसा कोई कार्य नहीं करेंगे जिससे भारतीय सभ्यता और लोकतंत्र को नुकसान पहुंचे। मोदी तीसरी बार शपथ लेना चाहते हैं, इसलिए वे नीतीश कुमार और चंद्राबाबू का इस्तेमाल करेंगे, लेकिन यह तीसरी ‘कसम’ यानी मोदी-भाजपा के नाटक का चौथा अंक होगा। पर्दे के पीछे की नई पटकथा को रचते हुए देश देख रहा है।

हेमंत सोरेन बोले- I.N.D.I.A ब्लॉक गरीबों, वंचितों और उत्पीड़ितों की आवाज है

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा- I.N.D.I.A ब्लॉक गरीबों, वंचितों, शोषितों, आदिवासियों, दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यक समुदायों की आवाज है। यह आवाज संसद में मजबूती से गूंजती रहेगी। सोरेन ने X पर पोस्ट में कहा- इस ऐतिहासिक समर्थन और आशीर्वाद के लिए पूरी जनता का हार्दिक आभार।