दिल्ली नगर निगम (MCD) में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार बनने की संभावनाएं बढ़ गई हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) के तीन पार्षद शनिवार को BJP में शामिल हो गए।
BJP में शामिल होने वाले पार्षदों में एंड्रयूज गंज से अनीता बसोया, आरके पुरम से धर्मवीर और चपराना से निखिल शामिल हैं। दिल्ली BJP अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इन नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इसके अलावा AAP के चार अन्य नेता भी BJP में शामिल हुए, जिनमें नई दिल्ली जिले के पूर्व AAP अध्यक्ष संदीप बसोया प्रमुख हैं।
MCD में अब BJP और AAP के पार्षदों की संख्या बराबर
दिल्ली नगर निगम (MCD) में कुल 250 सीटें हैं। AAP के 121 पार्षदों में से तीन ने विधानसभा चुनाव जीत लिया, जिससे उनकी संख्या घटकर 118 रह गई थी।
वहीं, BJP के 120 पार्षदों में से आठ ने विधानसभा चुनाव जीत लिया, जिससे उनकी संख्या 112 हो गई। अब तीन पार्षदों के BJP में शामिल होने के बाद दोनों पार्टियों के पार्षदों की संख्या 115-115 पर आकर बराबर हो गई है।
अप्रैल में होगा MCD मेयर चुनाव
दिल्ली नगर निगम का मेयर चुनाव इस साल अप्रैल में होना है। पिछला चुनाव नवंबर 2024 में हुआ था, लेकिन MCD में हर साल नया मेयर चुना जाता है। तब AAP के महेश खिंची ने BJP के किशन लाल को महज तीन वोटों से हराया था।
BJP का आरोप – भ्रष्टाचारियों को मिलेगी सजा
AAP के पार्षदों को पार्टी में शामिल कराने के बाद BJP अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि “दिल्ली में शीश महल घोटाला, शराब घोटाला, जल बोर्ड घोटाला, पैनिक बटन घोटाला, राशन कार्ड घोटाला और मोहल्ला क्लिनिक घोटाला” जैसे घोटालों के जिम्मेदार नेताओं को सजा मिलेगी।
MCD बजट फरवरी के अंत तक पेश होगा
ढाई साल से MCD की सबसे महत्वपूर्ण स्टैंडिंग कमेटी का गठन नहीं हो पाया है, जिससे बजट प्रक्रिया में देरी हुई। उपराज्यपाल (LG) की अनुमति के बाद MCD कमिश्नर अश्विनी कुमार सदन में बजट पेश करेंगे।
सूत्रों के मुताबिक, 2025-26 का अनुमानित MCD बजट लगभग 17,000 करोड़ रुपये का हो सकता है। सामान्यत: बजट हर साल दिसंबर में पेश किया जाता है, लेकिन इस बार स्टैंडिंग कमेटी के गठन में देरी के कारण इसे फरवरी के अंत तक पेश किया जाएगा।