नासिक में अशोका हेल्थ सिटी का उद्घाटन,ओम बिरला बोले- बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना ज़रूरी

Front-Page National

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि अच्छी और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए सरकार और निजी क्षेत्र को मिलकर काम करना होगा। महाराष्ट्र के नासिक में अशोका हेल्थ सिटी के उद्घाटन के अवसर पर उन्होंने स्वास्थ्य सेवा, अनुसंधान और चिकित्सा नवाचार को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

ओम बिरला ने कहा कि भारत सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, मेडिकल कॉलेजों का विस्तार करने और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र की भागीदारी से नए मेडिकल कॉलेज, आधुनिक अस्पताल और अनुसंधान सुविधाएं विकसित हो रही हैं, जिससे गंभीर बीमारियों के उपचार की क्षमता भी बढ़ी है।

उन्होंने चिकित्सा संस्थानों से मौजूदा बीमारियों के साथ-साथ भविष्य में उभरने वाली नई स्वास्थ्य चुनौतियों के लिए भी तैयार रहने का आह्वान किया। उनका कहना था कि चिकित्सा अनुसंधान, विज्ञान और नवाचार में निवेश बढ़ाना समय की आवश्यकता है, ताकि देश भविष्य की स्वास्थ्य चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना कर सके।

कोविड-19 महामारी का उल्लेख करते हुए बिरला ने कहा कि भारतीय वैज्ञानिकों ने वैक्सीन विकास के जरिए दुनिया के सामने देश की वैज्ञानिक क्षमता का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी सरकार और निजी संस्थानों को मिलकर चिकित्सा अनुसंधान और तकनीकी नवाचार को आगे बढ़ाना होगा।

लोकसभा अध्यक्ष ने विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में अनुसंधान एवं नवाचार केंद्र स्थापित करने की जरूरत पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा शिक्षा को जनसेवा की भावना से जोड़ना आवश्यक है और मेडिकल छात्रों को ग्रामीण तथा दूरदराज़ के इलाकों में सेवा देने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए, ताकि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं देश के हर नागरिक तक पहुंच सकें।

अशोका हेल्थ सिटी की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यह संस्थान नासिक ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर महाराष्ट्र क्षेत्र को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने विशेष रूप से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और शिशु मृत्यु दर कम करने के लिए बेहतर अस्पतालों तथा उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान ओम बिरला ने नासिक की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का भी उल्लेख किया। उन्होंने त्र्यंबकेश्वर मंदिर, संत ज्ञानेश्वर, संत तुकाराम और छत्रपति शिवाजी महाराज की विरासत का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी शिक्षाएं और आदर्श समाज को प्रेरित करते हैं। साथ ही उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली के लिए योग और पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अपनाने की भी अपील की।

उन्होंने विश्वास जताया कि अशोका हेल्थ सिटी भविष्य में गंभीर बीमारियों के उपचार, चिकित्सा अनुसंधान और किफायती स्वास्थ्य सेवाओं का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभरेगा। कार्यक्रम में महाराष्ट्र सरकार के मंत्री छगन भुजबल, राजस्थान सरकार के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।