जोधपुर:नयापुरा में ‘अटल प्रगति पथ’ का लोकार्पण,रोजगार सृजन को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई

Jodhpur Rajasthan

जोधपुर में संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने ग्राम पंचायत चौखा के नयापुरा क्षेत्र में दो करोड़ रुपये की लागत से बने ‘अटल प्रगति पथ’ का लोकार्पण किया। यह सीसी सड़क परियोजना चौपासनी वस्त्र मंत्रालय से दत्तोपंत ठेंगड़ी नगर होते हुए नयापुरा मेन रोड तक लगभग 1.70 किलोमीटर लंबी है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि सरकार ने पांच वर्षों में चार लाख सरकारी नौकरियां और दस लाख निजी क्षेत्र में रोजगार सृजित करने का लक्ष्य तय किया है। अब तक करीब 92 हजार सरकारी नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि 1.53 लाख से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आरपीएससी द्वारा वर्ष 2026 में होने वाली भर्ती परीक्षाओं का कैलेंडर जारी कर दिया गया है और राज्य की युवा नीति जल्द लागू की जाएगी।

मंत्री पटेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही ‘वोकल फॉर लोकल’, आत्मनिर्भर भारत और पीएम विश्वकर्मा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों से कारीगरों, उद्यमियों और युवाओं को नए अवसर मिले हैं और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा मिला है।

उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में चौखा ग्राम पंचायत को कई विकास योजनाओं की सौगात मिली है। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के तहत उप स्वास्थ्य केंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नत किया गया है और नए भवन को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा सहायक अभियंता कार्यालय, पशु स्वास्थ्य केंद्र और अटल प्रगति पथ जैसी परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं।

पेयजल समस्या के समाधान पर बोलते हुए मंत्री ने कहा कि 2.4 करोड़ रुपये की लागत से क्षतिग्रस्त झरना बांध के पुनर्निर्माण और सिरोला बेरा के पास एनिकट निर्माण का कार्य किया जा रहा है। क्षेत्र के लिए संशोधित पेयजल परियोजना को भी शीघ्र स्वीकृति दिलाने का आश्वासन दिया गया।

लोकार्पण कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।