भारत ने मेंस हॉकी एशिया कप 2025 का खिताब अपने नाम कर लिया है। बिहार के राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में रविवार को खेले गए फाइनल में टीम इंडिया ने 5 बार की चैंपियन साउथ कोरिया को 4-1 से हराया। इस जीत के साथ भारत ने 2026 वर्ल्ड कप के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है।
फाइनल मैच की शुरुआत भारत ने आक्रामक अंदाज में की। पहले ही मिनट में सुखजीत सिंह ने गोल दागकर बढ़त दिलाई। इसके बाद दूसरे क्वार्टर में दिलप्रीत सिंह ने स्कोर को 2-0 कर दिया। तीसरे क्वार्टर में दिलप्रीत ने एक और गोल किया, जबकि चौथे क्वार्टर में अमित रोहिदास ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर भारत को 4-0 से आगे कर दिया। कोरिया की ओर से सोन डायन ने एकमात्र गोल किया।
भारत ने चौथी बार एशिया कप का खिताब जीता है। आखिरी बार टीम इंडिया ने 2017 में मलेशिया को हराकर ट्रॉफी जीती थी। कोरिया दूसरी बार उपविजेता बनी है, इससे पहले 2007 में भी फाइनल में भारत से हार का सामना करना पड़ा था।

