मैनचेस्टर टेस्ट:पहले दिन भारत ने बनाए 264/4,पंत चोटिल होकर रिटायर्ड हर्ट,साई सुदर्शन ने लगाई पहली टेस्ट फिफ्टी

Front-Page Sports

मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले जा रहे भारत-इंग्लैंड टेस्ट मैच के पहले दिन भारत ने चार विकेट खोकर 264 रन बनाए। दिन का खेल खत्म होने तक रवींद्र जडेजा और शार्दुल ठाकुर 19-19 रन बनाकर नाबाद लौटे।

इससे पहले सलामी बल्लेबाज़ यशस्वी जायसवाल ने 58 और केएल राहुल ने 46 रन की अहम पारियां खेलीं। राहुल ने इस पारी के साथ इंग्लैंड में 1000 टेस्ट रन भी पूरे किए। वहीं, साई सुदर्शन ने अपने टेस्ट करियर की पहली फिफ्टी लगाते हुए 61 रन बनाए, उन्हें कप्तान बेन स्टोक्स ने ब्रायडन कार्स के हाथों कैच आउट कराया। ऋषभ पंत ने तेज़ शुरुआत की, लेकिन चोटिल होकर रिटायर्ड हर्ट हो गए। पंत को क्रिस वोक्स की यॉर्कर बॉल उनके दाएं पैर पर लगी, जिसके बाद उन्हें स्ट्रेचर वैन से मैदान से बाहर ले जाया गया।

पंत की यह चोट टीम इंडिया के लिए चिंता का विषय बन गई है। चोट लगने के बाद मैदान पर मेडिकल स्टाफ की मदद ली गई और उन्हें तुरंत उपचार दिया गया। पंत इस सीरीज़ में अब तक शानदार प्रदर्शन करते आए हैं।

इंग्लैंड की ओर से कप्तान बेन स्टोक्स ने दो, जबकि वोक्स और लियम डॉसन ने एक-एक विकेट हासिल किया। भारत के लिए अंशुल कम्बोज ने अपना टेस्ट डेब्यू किया। उन्हें पूर्व विकेटकीपर दीप दासगुप्ता ने टेस्ट कैप सौंपी।

रोचक तथ्य:

  • मैनचेस्टर में 51 साल बाद किसी भारतीय ओपनर ने फिफ्टी लगाई है। इससे पहले 1974 में सुनील गावस्कर ने यहां अर्धशतक जड़ा था।
  • केएल राहुल इंग्लैंड में 1000 टेस्ट रन पूरे करने वाले पांचवें भारतीय बल्लेबाज़ बने हैं।
  • ऋषभ पंत इंग्लैंड में 1000 से ज्यादा रन बनाने वाले पहले विकेटकीपर बन गए हैं।
  • साई सुदर्शन को इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने लगातार तीसरी बार आउट किया है।

टेस्ट का यह पहला दिन भारत के लिए मिलाजुला रहा, जहां टॉप ऑर्डर ने अच्छी शुरुआत दी, लेकिन पंत की चोट ने टीम की चिंता बढ़ा दी है।