ओवल में खेले जा रहे टेस्ट मैच का दूसरा दिन भारतीय टीम के नाम रहा। शुक्रवार को स्टंप्स तक भारत ने अपनी दूसरी पारी में दो विकेट के नुकसान पर 75 रन बना लिए हैं और अब टीम को इंग्लैंड पर 52 रन की बढ़त मिल गई है। यशस्वी जायसवाल 51 रन बनाकर नाबाद हैं, जबकि नाइटवॉचमैन आकाश दीप 4 रन पर उनका साथ दे रहे हैं।
इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 247 रन बनाए और भारत पर 23 रन की मामूली बढ़त हासिल की। टीम के लिए जैक क्रॉली ने 64, हैरी ब्रूक ने 53 और बेन डकेट ने 43 रन बनाए। भारत की ओर से मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए 4-4 विकेट झटके। एक विकेट आकाश दीप को मिला। चोट के कारण क्रिस वोक्स बल्लेबाजी के लिए नहीं उतर सके।
इससे पहले, भारतीय टीम पहली पारी में 224 रन पर सिमट गई थी। करुण नायर ने 57 रन और वॉशिंगटन सुंदर ने 26 रन बनाए। इंग्लैंड के गस एटकिंसन ने घातक गेंदबाज़ी करते हुए 5 विकेट चटकाए, जबकि जोश टंग को 3 विकेट और क्रिस वोक्स को 1 विकेट मिला।
रोचक तथ्य:
- इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ टेस्ट में तीसरा सबसे तेज़ शतक पूरा किया। टीम ने सिर्फ 14.4 ओवर में 101 रन बना लिए। इससे तेज़ शतक केवल ऑस्ट्रेलिया (2012, पर्थ – 14.0 ओवर) और बांग्लादेश (2007, मीरपुर – 14.1 ओवर) ने भारत के खिलाफ बनाए हैं।
- इंग्लैंड के बल्लेबाज़ जो रूट ने भारत के खिलाफ 2000 टेस्ट रन पूरे कर लिए हैं। किसी एक देश में भारत के खिलाफ सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज़ बन गए हैं। इससे पहले रिकी पोंटिंग ने ऑस्ट्रेलिया में भारत के खिलाफ 1893 रन बनाए थे।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11:
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, करुण नायर, रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज, आकाशदीप, प्रसिद्ध कृष्णा।
इंग्लैंड: ओली पोप (कप्तान), जैक क्रॉली, बेन डकेट, जो रूट, हैरी ब्रूक, जैकब बेथेल, जैमी स्मिथ (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, गस एटकिंसन, जैमी ओवर्टन, जोश टंग।

