आतंकवाद पर निर्णायक कार्रवाई के संकेत,पीएम मोदी ने सेनाओं को दी खुली छूट

Front-Page National

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को आतंकवाद से निपटने के लिए तीनों सेनाओं को “खुली छूट” देने की घोषणा की। उन्होंने कहा, “आतंकवाद को करारा झटका देना हमारा राष्ट्रीय संकल्प है। सेना को कार्रवाई का तरीका, समय और लक्ष्य तय करने की पूरी स्वतंत्रता है।” यह बात उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान और तीनों सेनाओं के प्रमुखों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक में कही, जो डेढ़ घंटे से अधिक चली।

बैठक के बाद गृहमंत्री अमित शाह और RSS प्रमुख मोहन भागवत प्रधानमंत्री आवास पहुंचे। इस बीच विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने 9 देशों के विदेश मंत्रियों से फोन पर चर्चा की और भारत की स्थिति से अवगत कराया।

पहलगाम आतंकी हमले से जुड़े छह बड़े अपडेट:

  1. पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के X (ट्विटर) अकाउंट पर भारत ने पाबंदी लगाई है। हाल ही में वायरल एक वीडियो में उन्होंने आतंकवाद को समर्थन देने की बात मानी थी।
  2. इंटेलिजेंस सूत्रों ने बताया कि हमले का मास्टरमाइंड पाकिस्तान के पूर्व SSG कमांडो हाशिम मूसा है, जो अब लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा है।
  3. राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बायसरन घाटी में आतंकी हमले का सीन री-क्रिएट किया।
  4. अटारी-वाघा बॉर्डर से 104 पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेजा गया।
  5. महाराष्ट्र सरकार ने हमले में मारे गए लोगों के परिजनों को ₹50 लाख मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की घोषणा की।
  6. राजस्थान में पाकिस्तानी हैकर्स ने शिक्षा विभाग की वेबसाइट हैक की। संदेश में चेतावनी दी गई—”अगला हमला टेक्नोलॉजी से होगा।”

22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम की बायसरन घाटी में हुए आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की मौत हुई थी और 10 से अधिक लोग घायल हुए थे।