ईरान ने इजराइल पर बड़ा जवाबी हमला करते हुए शनिवार को 100 से ज्यादा ड्रोन छोड़े हैं। इजराइल डिफेंस फोर्सेस (IDF) के मुताबिक, ये ड्रोन फिलहाल इराक और जॉर्डन के एयरस्पेस से गुजर रहे हैं और अगले एक से दो घंटे में इजराइली सीमा में प्रवेश कर सकते हैं। जॉर्डन की राजधानी अम्मान में खतरे के मद्देनज़र सायरन बजने शुरू हो गए हैं।
बड़े मिसाइल हमले की आशंका
टाइम्स ऑफ इजराइल ने IDF के हवाले से बताया कि ईरान की ओर से जल्द ही बड़े स्तर पर मिसाइल हमला भी किया जा सकता है। इससे पहले शनिवार सुबह इजराइल ने 200 फाइटर जेट्स से ईरान पर हमला किया था। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, इन हमलों में तेहरान के आसपास के छह सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया, जिनमें चार परमाणु से जुड़े ठिकाने भी शामिल हैं।
IRGC कमांडर और वैज्ञानिकों की मौत
ईरान के सरकारी मीडिया ने पुष्टि की है कि इजराइली हमले में इस्लामिक रेवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के कमांडर हुसैन सलामी की मौत हो गई है। अल-जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, हमले में ईरान के दो शीर्ष परमाणु वैज्ञानिक मोहम्मद मेहदी तेहरांची और फरदून अब्बासी भी मारे गए हैं।
इजराइल ने दावा किया है कि हमले में ईरान के आर्मी चीफ मोहम्मद बाघेरी समेत कई उच्च सैन्य अधिकारी और वरिष्ठ परमाणु वैज्ञानिक मारे गए हैं।
खामनेई की चेतावनी
इस बीच, ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामनेई ने बयान जारी कर कहा है कि, “हमारी सेना इजराइल को बिना सजा दिए नहीं छोड़ेगी।”
मध्य-पूर्व में हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं और पूरी दुनिया की नजरें इन developments पर टिकी हैं।

