जयपुर, 8 अक्टूबर। जयपुर की लड़कियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए बुधवार को हनुमानगढ़ में संपन्न हुई 30वी राजस्थान राज्य सब जूनियर हैंडबॉल प्रतियोगिता के खिताबी मुकाबले में मेजबान हनुमानगढ़ को 26-21 से हराकर ख़िताब जीता। मध्यांतर तक विजेता टीम 11-08 से बढ़त बनाये हुए थी। वही जयपुर के बालको ने तीसरे स्थान के लिए हुए मैच में सीकर को 17-13 (8-9 )से हराया।
बालक वर्ग के फाइनल में बीकानेर ने गंगानगर को 25-22 (14-12 ) से हराया। बालिका वर्ग में तीसरे टोंक रही। जिसने भीलवाड़ा को 7-0 (01-00) से हराया। जयपुर की कप्तान एकता कंवर बालिका वर्ग की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी तथा बालक वर्ग में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बीकानेर का गोविंद रहा। दोनों खिलाड़ियों को स्वर्गीय अमृत कुमार नाटा एवं स्वर्गीय इरफ़ान अली गौड़ की स्मृति में राज्य हैंडबॉल संघ द्वारा 2100-2100 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
जयपुर जिला हैंडबॉल संघ के अध्यक्ष डा. मनीष अग्रवाल, मानद सचिव अरुण प्रताप सिंह सहित समस्त कार्यकारिणी ने बालिका एवं बालक टीम की उपलब्धि की सराहना करते हुए सभी खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को बधाइयाँ दी है।
जयपुर की टीमे:- बालक वर्ग:- नाहर सिंह (कप्तान), यश यादव, रोशन यादव, हनुमान मीना,यश कुमार मीना, रुद्राक्ष प्रताप सिंह, राहुल कुमार, ब्रज मोहन, दिव्य शर्मा, रवि चौधरी, सुरेश कुमार व तनीश सैनी। बालिका वर्ग:- एकता कंवर (कप्तान), काजल गुर्जर, वर्षा जाखड़, विशाखा जाट, अन्नू कंवर, अस्मिता गुर्जर, भव्या राजावत, अक्षरा चौहान,
भावना, अनंता सिंह, जीविका दास व ऋग्वेदिका प्रधान।

