प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज ने गुरुवार को 51 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। पटना स्थित शेखपुरा हाउस में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। इस दौरान प्रशांत किशोर खुद मौजूद नहीं थे।
सूची जारी होने के बाद जिन्हें टिकट नहीं मिला, उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर हंगामा किया।
घोषित सूची में वाल्मीकिनगर से दीर्घ नारायण प्रसाद, पूर्णिया के अमौर से अफरोज आलम, कटिहार के प्राणपुर से कुणाल निषाद, सुपौल के निर्मली से रामप्रवेश कुमार यादव, सुरसंड से ऊषा किरण, और लोरिया से सुनील कुमार को उम्मीदवार बनाया गया है।
इसके अलावा दरभंगा से आर.के. मिश्रा, गोपालगंज से प्रीति किन्नर, कुम्हरार से केसी सिन्हा, मांझी से वाई.बी. गिरी, करगहर से भोजपुरी गायक रितेश पांडेय, और अस्थावां से आरसीपी सिंह की बेटी लता सिंह को टिकट दिया गया है।
उदय सिंह ने बताया कि हर दिन उम्मीदवारों की नई सूची जारी की जाएगी, और 11 अक्टूबर से चुनाव अभियान की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर राघोपुर से अपने अभियान की शुरुआत करेंगे।

