लॉर्ड्स में भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरे टेस्ट का पहला दिन इंग्लैंड के नाम रहा। मेजबान टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी चुनी और पहले दिन का खेल समाप्त होने तक 4 विकेट पर 251 रन बना लिए।
जो रूट 99 रन और कप्तान बेन स्टोक्स 39 रन बनाकर नाबाद लौटे। दोनों के बीच 170 गेंदों में 79 रनों की साझेदारी हो चुकी है। रूट अपने 37वें टेस्ट शतक से महज एक रन दूर हैं।
इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और टीम ने 44 रन तक अपने दो विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद ओली पोप (44) और रूट ने पारी को संभाला। हालांकि, पोप के आउट होने के बाद स्टोक्स ने क्रीज पर टिककर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
भारत की ओर से नीतीश कुमार रेड्डी ने 2 विकेट चटकाए, जबकि जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा को एक-एक सफलता मिली।
जो रूट के नाम अहम उपलब्धियां
- भारत के खिलाफ रूट के 3,000 टेस्ट रन पूरे हुए।
- इंग्लैंड में रूट के टेस्ट रन अब 7,000 के पार।
भारत की प्लेइंग XI: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, करुण नायर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, आकाश दीप, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज।
इंग्लैंड की प्लेइंग XI: बेन स्टोक्स (कप्तान), जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, जैमी स्मिथ (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, ब्रायडन कार्स, जोफ्रा आर्चर और शोएब बशीर।

