जोधपुर:ग्रामीण सेवा शिविर पहुंचे जोगाराम पटेल,बोले- शिविरों से अंत्योदय और सुशासन का संकल्प हो रहा साकार

Jodhpur Rajasthan

राजस्थान के जोधपुर जिले के लूणी विधानसभा क्षेत्र में संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने झालामंड ग्राम पंचायत में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों से बातचीत कर सरकारी योजनाओं और शिविरों के कामकाज पर फीडबैक लिया।

पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में आयोजित इन शिविरों के जरिए अंत्योदय और सुशासन के संकल्प को जमीन पर उतारा जा रहा है।

उन्होंने बताया कि शिविरों में राजस्व, पंचायती राज और अन्य विभागों से जुड़े कुल 22 तरह के काम मौके पर ही किए जा रहे हैं, जिनमें बंटवारा, नामांतरण, रिकॉर्ड सुधार और रास्तों से जुड़े विवादों का समाधान शामिल है। जिन मामलों में अधिक समय लगेगा, उनके लिए फॉलोअप शिविर लगाए जाएंगे।

शिविर के दौरान तीन लोगों को आवासीय पट्टे दिए गए, जबकि राजस्व विभाग ने कई नामांतरण और प्रमाण पत्र भी जारी किए। महिला एवं बाल विकास विभाग ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन कार्यक्रम भी आयोजित किया।

इस मौके पर मंत्री ने 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का पोस्टर भी जारी किया और लोगों से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।