कोटा प्रीमियर लीग 2026 की शुरुआत,ऊर्जा मंत्री बोले—‘शिक्षा की काशी’ अब बने स्पोर्ट्स हब

Kota Rajasthan

कोटा के जेके पेवेलियन में रविवार से राष्ट्रीय स्तर की सीनियर टी-20 प्रतियोगिता ‘कोटा प्रीमियर लीग (केपीएल) 2026’ का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन मुकाबले में कोटा डीसीए ने बाउंड्री ब्रेकर्स अजमेर को 74 रन से हराकर जीत के साथ शुरुआत की।

उद्घाटन समारोह में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि कोटा को दुनिया ‘शिक्षा की काशी’ के रूप में जानती है, लेकिन अब इसे खेलों के क्षेत्र में भी पहचान दिलाने का समय है। उन्होंने कहा कि केपीएल जैसे आयोजन स्थानीय खिलाड़ियों के लिए ‘लॉन्च पैड’ साबित हो सकते हैं, जो उन्हें आईपीएल और राष्ट्रीय टीम तक पहुंचने का अवसर देते हैं।

राजस्थान कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव दत्ता ने खिलाड़ियों को खेल भावना और अनुशासन का संदेश देते हुए अधिक से अधिक युवाओं को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

मैच में कोटा डीसीए के कप्तान दिव्यप्रताप सिंह हाड़ा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 183 रन बनाए। हाड़ा ने 52 रन की पारी खेली, जबकि सचिन काकोड़िया ने 44 रन जोड़े।

लक्ष्य का पीछा करते हुए बाउंड्री ब्रेकर्स अजमेर की टीम 18.4 ओवर में 109 रन पर सिमट गई। कोटा की ओर से दिव्यप्रताप सिंह हाड़ा, हिमांशु नेहरा और निक्की चौहान ने तीन-तीन विकेट लिए। हाड़ा को उनके प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।

आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता में ऑनलाइन स्कोरिंग और लाइव प्रसारण सहित आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर का अनुभव मिल सके।