जम्मू के कटरा स्थित वैष्णो देवी धाम पर मंगलवार को अर्धकुमारी मंदिर के पास हुए भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़कर 31 हो गई है। हादसा मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे पुराने ट्रैक पर इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास हुआ। प्रशासन का कहना है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।
भारी बारिश के कारण पूरे क्षेत्र में हालात गंभीर हैं। मंगलवार को जम्मू शहर में 24 घंटे से कम समय में 250 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। इसके चलते कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं और घरों व खेतों में पानी भर गया है।
भूस्खलन के बाद वैष्णो देवी यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। नॉर्दर्न रेलवे ने जम्मू-कटरा रूट पर चलने वाली 22 ट्रेनें रद्द कर दी हैं और 27 ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट किया है। हालांकि, कटरा-श्रीनगर रेल सेवा फिलहाल जारी है।
हादसे के चश्मदीदों की आपबीती
एक श्रद्धालु ने बताया, “मैं अपने परिवार के साथ था, बच्चे और पत्नी आगे थे। अचानक जोर से चट्टान गिरी। अब उनका कुछ पता नहीं है। सबकुछ एक पल में खत्म हो गया।”
एक महिला श्रद्धालु ने कहा, “हम माता रानी के दर्शन को जा रहे थे। मुझे और मेरे पति को तो बचा लिया गया, लेकिन हमारे तीनों बच्चे मलबे में दब गए। सबकुछ बहुत तेजी से हुआ।”
पंजाब की किरण नाम की महिला ने बताया, “मैं दर्शन करके लौट रही थी, तभी पत्थर गिरने लगे। मैं घायल हो गई और मेरे साथ आई तीन लोग भी जख्मी हैं।”
प्रशासन और बचाव दल राहत और खोज अभियान में जुटे हुए हैं।

