जयपुर में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने शुक्रवार को सेंट्रल जेल पहुंचकर एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष विनोद जाखड़ और अन्य एनएसयूआई कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान कांग्रेस विधायक अमित चाचान और मनीष यादव भी उनके साथ मौजूद रहे।
बता दें कि यूनिवर्सिटी में आरएसएस कार्यक्रम के विरोध के बाद विनोद जाखड़ सहित कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया था।
मीडिया से बातचीत में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “आरएसएस और सरकार के इशारे पर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं पर गलत धाराएं लगाई गई हैं। यह लोकतंत्र के खिलाफ है।”
उन्होंने कहा कि “लोकतंत्र में हर किसी को अपनी बात कहने का अधिकार है, लेकिन यह ‘पर्ची की सरकार’ छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। फिर भी हम चुप नहीं बैठेंगे।”

