आईपीएल के 10वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 5 विकेट से हराकर इस सीजन की अपनी पहली जीत दर्ज की, जबकि हैदराबाद को दूसरी हार का सामना करना पड़ा।
राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में लखनऊ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। हैदराबाद ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 156 रन बनाए।
जवाब में लखनऊ ने 19.5 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की जीत में कप्तान ऋषभ पंत ने अहम भूमिका निभाते हुए 50 गेंदों पर नाबाद 68 रन बनाए। उनके अलावा ऐडन मार्करम ने 27 गेंदों पर 45 रन की पारी खेली।
हैदराबाद की ओर से हर्ष दूबे ने 2 विकेट लिए, जबकि ईशान मलिंगा और शिवांग कुमार को 1-1 सफलता मिली। वहीं ईशान किशन ने शानदार फील्डिंग करते हुए निकोलस पूरन को रन आउट किया।

