मदन राठौड़ का गहलोत पर निशाना,बोले- ‘राहुल गांधी और खरगे की छवि धूमिल कर कांग्रेस अध्यक्ष बनना चाहते हैं’

Jaipur Politics Rajasthan

जयपुर, 13 अक्टूबर2026। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के पिछले दिनों किए जा रहे प्रदर्शनों में व्यवहार को अशोभनीय बताते हुए कहा कि यह लोकतंत्र के लिए और स्वयं इस पद की गरिमा को गिराने वाला है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात कहने की आजादी है और जिस तरह से महिला पुलिसकर्मियों, महिला पत्रकारों के साथ राहुल गांधी का व्यवहार सामने आया है वह चिंतनीय भी है और निदंनीय भी। राठौड़ ने कहा कि राजनीति में नेताओं का आचरण आदर्श, मर्यादित और जिम्मेदार होना चाहिए। नेता प्रतिपक्ष का पद अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इस पद पर बैठे व्यक्ति के व्यवहार में भी गरिमा और गंभीरता दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेताओं का आचरण लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप होना चाहिए, लेकिन वर्तमान में कांग्रेस नेताओं की बयानबाजी और व्यवहार का स्तर लगातार गिरता दिखाई दे रहा है। हम भी वर्षों विपक्ष में रहे है विपक्ष के नेता लोकतंत्र में मापदंड बनाते रहे है और आज जिस तरह लोकतांत्रित मर्यादाएं तार तार की जा रही है, वह राष्ट्र के लिए खतरा है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि गहलोत को अपने राजनीतिक अनुभव का उपयोग अपने नेताओं को सही सलाह देने में करना चाहिए। यदि कोई नेता गलत व्यवहार करता है, तो उसका समर्थन करने के बजाय उसे अपनी गलती स्वीकार करने और उसमें सुधार करने की सलाह देनी चाहिए। गलत आचरण का समर्थन करने से संबंधित व्यक्ति की गलतियां बढ़ती हैं और लोकतांत्रिक मूल्यों को नुकसान पहुंचता है। राठौड़ ने कहा कि कहीं ऐसा तो नहीं कि गहलोत चाहते है कि राहुल गांधी और खरगे की छवि अपने इन आचरणों से खराब हो जाए, और उन्हें कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना दिया जाए। जैसा कि गहलोत ने पहले भी इसका जिक्र करते हुए कहा था कि पायलट ने बनने नहीं दिया, नहीं तो बन जाता। राठौड़ ने कहा कि डोटासरा अब मुंगेरी लाल के सपने देख रहे है,देखते रहो। अधिकारियों के भरोसे ना तो कोई राजनीतिक पार्टी चलती है, और अगर चलती है तो हश्र वहीं होगा जो आज कांग्रेस का हो रहा है। भाजपा अपने कार्यकर्ताओं के बलबूते पर राजनीति करती हैं। हम जनाधार के आधार पर राजनीति करते हैं और भाजपा की सोच,नीति तथा जो कार्य है उसके आधार पर राजनीति कर रहे है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को बे—बुनियाद बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार अपराध के मामलों में निष्पक्षता से कार्रवाई कर रही है। प्रदेश में कहीं भी अपराध होने पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी कर रही है। सरकार अपराधियों को संरक्षण देने के पक्ष में नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि किसी मामले में पुलिसकर्मी भी दोषी पाए जाते हैं, तो उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाती है। कानून सबके लिए समान है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। किसी भी मामले में राजनीतिक हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए और न ही किसी दोषी को बचाने का प्रयास किया जाएगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पंचायत चुनावों के सवाल पर जवाब देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पार्टी के अन्य नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही व्यापक तैयारियां प्रारंभ कर दी थीं। मुख्यमंत्री सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों और जिलों में जाकर संवाद किया है। भाजपा संगठन ने सभी क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए अपनी रणनीति तैयार की है। कार्यकर्ता, विधायक, सांसद और स्थानीय नेता जनता के बीच जाकर सरकार के कार्यों तथा पार्टी की नीतियों को पहुंचाने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक साथ चुनाव कराने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। चुनाव कई चरणों में होने के कारण वरिष्ठ नेताओं को प्रचार के लिए सीमित समय मिल सकता है, लेकिन भाजपा का संगठन मजबूत है। स्थानीय कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि पूरी सक्रियता के साथ चुनाव प्रचार में जुटेंगे। पार्टी को विश्वास है कि सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के आधार पर जनता का आशीर्वाद प्राप्त होगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा ने स्थानीय निकाय चुनावों में भी अच्छा प्रदर्शन किया है और पंचायत चुनाव में भी पार्टी को जनता का समर्थन मिलेगा। पार्टी ने समीक्षा कर और जनता की अपेक्षाओं को ध्यान में रखकर प्रत्याशियों का चयन किया है। जिन कार्यकर्ताओं को टिकट नहीं मिला है, उन्हें भी संगठन में उचित जिम्मेदारियां दी जाएंगी। भाजपा एकजुट होकर चुनाव लड़ेगी और पहले से अधिक बहुमत के साथ जीत हासिल करेगी। भाजपा संगठन चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है और आवश्यकता के अनुसार आगे भी प्रचार तथा जनसंपर्क अभियान को गति दी जाएगी। राठौड़ ने विश्वास जताया कि भाजपा अपने संगठनात्मक आधार, कार्यकर्ताओं की मेहनत, सरकार के विकास कार्यों और जनता के विश्वास के बल पर पंचायत चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेगी।