महुआ की लोकसभा सदस्यता खत्म:कैश फॉर क्वेरी केस में फैसला;स्पीकर ने कहा-सदन की गरिमा के लिए सख्त फैसले लेने होंगे

Front-Page National

नई दिल्ली:-कैश-फॉर-क्वेरी मामले में घिरीं टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा की संसद सदस्यता खत्म हो गई है। कमेटी की रिपोर्ट के उनके निष्कासन के प्रस्ताव भी पेश हुआ। इसके बाद वोटिंग हुई और उन्हें संसद से निष्कासित कर दिया गया।

इस बीच लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने महुआ मोइत्रा को एथिक्स कमेटी की सिफारिश पर सदन में बोलने की इजाजत नहीं दी, कहा कि उन्हें पैनल मीटिंग में मौका मिला।

रिपोर्ट में महुआ की संसद सदस्यता रद्द करने की सिफारिश और कानूनी जांच की मांग की गई है। इधर, TMC ने मांग की है कि 500 पेज की रिपोर्ट पढ़ने के लिए 48 घंटों का समय दिया जाए।

सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू हुई और चार मिनट बाद ही 12 बजे तक के लिए स्थगित हो गई। 12 बजे एथिक्स कमेटी चेयरमैन विजय सोनकर ने रिपोर्ट पेश की।

लोकसभा में इस मामले पर सदन में 3 बार हंगामा हुआ। दो बार कार्यवाही स्थगित की गई। दोपहर 2 बजे से तीसरी बार कार्यवाही शुरू हो चुकी है।

रिपोर्ट पेश होने के बाद किसने क्या कहा…

  • कांग्रेस के सांसद मनीष तिवारी बोले- आज सभी पार्टियों ने महुआ के खिलाफ वोटिंग करने के लिए व्हिप जारी किया है। इसलिए मांग करते हैं कि सदन स्थगित करके सभी व्हिप विड्रॉ किए जाएं।
  • मनीष तिवारी की दलीलों पर लोकसभा स्पीकर ने पूछा आप संसद में बहस कर रहे हैं या कोर्ट में। ऐसा न करें, क्योंकि न तो ये कोर्ट है और न ही मैं न्यायाधीश हूं।
  • BJP सांसद हिना गावित ने कहा कि महुआ मोइत्रा से एथिक्स पैनल ने हलफनामे के आधार पर सवाल पूछे, व्यक्तिगत सवाल पूछकर कोई चीरहरण नहीं किया गया।
  • BJP के प्रहलाद जोशी ने कहा कि महुआ मोइत्रा को सदन में बोलने की इजाजत न दी जाए।

अब तक सदन में क्या-क्या हुआ…

  • लोकसभा स्पीकर ने रिपोर्ट पर चर्चा के लिए आधे घंटे दिए: ओम बिड़ला ने कहा रूल 316 के तहत आधे घंटे की चर्चा दिए। इसके बाद विपक्ष के नेता अधीर रंजन चौधरी ने भी इसे पढ़ने 3 दिन का समय मांगा।
  • विपक्ष ने सदन में मोदी सरकार हाय-हाय के नारे लगाए : TMC सांसदों की अगुआई में विपक्ष ने सदन में मोदी सरकार हाय-हाय के नारे लगाए। विपक्ष के हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई थी। उधर सदन के बाहर मीडिया से बातचीत में कांग्रेस नेता शशि थरूर ने इसे इंसाफ का मजाक उड़ाना बताया।
  • थरूर बोले- ये रिपोर्ट आधी-अधूरी है : कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि ऐसा लगता है ढाई मिनट में किसी ने तैयार कर दी हो। आरोप लगाने वालों से जिरह करने का कोई प्रयास नहीं किया गया। सीधे संसद सदस्य के सस्पेंशन पर पहुंचना वास्तव में अपमानजनक है।
  • अब आगे क्या होगा: लोकसभा में रूल 316 के तहत आधे घंटे की चर्चा जारी है, इसके बाद वोटिंग कराई जाएगी। इसके लिए BJP ने गुरुवार को लोकसभा में अपने सभी सांसदों को मौजूद रहने के लिए 3 लाइन का व्हिप जारी किया था, ताकि वोटिंग के दौरान सांसदों की स्ट्रेंथ पूरी रहे।

महुआ ने कहा- मां दुर्गा आई हैं, अब महाभारत होगा; भाजपा सांसद बोले- महाभारत सूर्पनखा के कारण नहीं हुआ

लोकसभा में रिपोर्ट पेश होने के दौरान महुआ भी सदन में मौजूद थीं। संसद पहुंचने पर महुआ ने मीडिया से बातचीत में कहा- मां दुर्गा आ गई हैं, अब देखिए क्या होता है। जब नाश मनुष्य पर छाता है, पहले विवेक मर जाता है। उन्होंने ‘वस्त्रहरण’ से शुरुआत की अब आप ‘महाभारत का रण’ देखेंगे।

इस पर BJP सांसद सुकांत मजूमदार ने कहा- महुआ ने खुद को द्रौपदी बोला है और महाभारत शुरु होने की बात कही। लेकिन समस्या ये है, इस महाभारत में श्रीकृष्ण तो इस तरफ हैं। जहां तक मुझे पता है महाभारत द्रौपदी के लिए हुआ था सूर्पनखा के लिए नहीं।