‘ऑपरेशन जेंटल-मेंटल’ में बड़ी कामयाबी:40 हजार का इनामी तस्कर गिरफ्तार,नशे के नेटवर्क को बड़ा झटका

Rajasthan


राजस्थान में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। एएनटीएफ के महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि लंबे समय से फरार चल रहे 40 हजार रुपये के इनामी तस्कर राजूराम उर्फ राजेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन जेंटल-मेंटल’ के तहत की गई।

विकास कुमार के अनुसार आरोपी पिछले करीब सात वर्षों से फरार था और नशीले पदार्थों की तस्करी के मामलों में वांछित चल रहा था। जांच में सामने आया है कि वह राजस्थान के साथ-साथ गुजरात और मध्य प्रदेश तक फैले नेटवर्क के जरिए मादक पदार्थों की सप्लाई करता था।

एएनटीएफ के मुताबिक राजूराम ने नशे के कारोबार को कॉरपोरेट ढंग से संगठित कर रखा था। इस नेटवर्क में उत्पादन, सप्लाई और मार्केटिंग के लिए अलग-अलग लोगों की जिम्मेदारी तय की गई थी। वह खुद सप्लाई चेन और थोक व्यापारियों से संपर्क संभालता था।

विकास कुमार ने बताया कि आरोपी पिछले कई वर्षों से विभिन्न स्थानों पर एमडी की फैक्ट्रियां स्थापित कर नशीले पदार्थों का उत्पादन और वितरण कर रहा था। प्रारंभिक पूछताछ में उसने कई थोक कारोबारियों और सहयोगियों के नाम भी बताए हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

एएनटीएफ के अनुसार इस ऑपरेशन के तहत पिछले छह महीनों से लगातार निगरानी और सूचना जुटाने का काम किया जा रहा था। कई बार कोशिशों के बावजूद आरोपी पुलिस से बच निकलता था, लेकिन आखिरकार टीम ने उसे दबोच लिया।

अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से पश्चिमी राजस्थान और आसपास के राज्यों में फैले नशे के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। मामले में आगे की जांच जारी है और उससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।