राजस्थान में मकर संक्रांति का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। जयपुर, सीकर और अन्य जिलों में मंगलवार सुबह से ही छतों पर रंग-बिरंगी पतंगें उड़ती नजर आईं। आसमान में पतंगों की बहार और गलियों में “वो काटा” की गूंज से त्योहार का उल्लास चरम पर है।
मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़
सुबह लोग मंदिरों और गौशालाओं में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। जयपुर के गोविंददेवजी मंदिर, सीकर के खाटू श्यामजी मंदिर और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। कई मंदिरों को पतंगों से सजाया गया है।
जयपुर की खास पतंगबाजी
जयपुर की पतंगबाजी देश-विदेश में मशहूर है। हर साल संक्रांति पर यहां बाजारों और छतों पर रौनक देखते ही बनती है। इस बार भी पतंग और मांझे की खरीदारी देर रात तक जारी रही।
एयरपोर्ट के पास पतंगबाजी पर रोक
जयपुर एयरपोर्ट के आसपास की 13 कॉलोनियों में पतंगबाजी और लालटेन उड़ाने पर रोक लगाई गई है। पुलिस ने नोटिस जारी कर एक किलोमीटर के दायरे में प्रतिबंध की जानकारी दी है।

