राजस्थान के भिवाड़ी स्थित खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार सुबह एक केमिकल-पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लगने से कम से कम आठ मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर के अब भी अंदर फंसे होने की आशंका है। घटना के समय फैक्ट्री में करीब 25 मजदूर काम कर रहे थे।
जिला प्रशासन के अनुसार हादसा सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुआ, जब गश्त के दौरान पुलिस को आग लगने की सूचना मिली और तुरंत बचाव अभियान शुरू किया गया। एडीएम सुमिता मिश्रा ने बताया कि फैक्ट्री में केमिकल के साथ पटाखों का निर्माण किया जाता था, जिससे आग तेजी से फैल गई।
खुशखेड़ा और भिवाड़ी रीको फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। रेस्क्यू टीम ने मलबे से शवों को बाहर निकाला, जबकि कई मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने घटना को दुखद बताते हुए संवेदनशीलता जताई और जिला प्रशासन को तत्काल राहत व बचाव कार्य तेज करने तथा घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
हादसे के बाद प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों तथा आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

