प्रभारी मंत्री मदन दिलावर का चामू दौरा:किसानों से संवाद,त्वरित राहत व स्थाई समाधान का भरोसा,जल निकासी योजना पर दिए निर्देश

Jodhpur Rajasthan

जोधपुर, 06 सितम्बर। प्रभारी मंत्री मदन दिलावर ने शनिवार को जोधपुर जिले की चामू तहसील के अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लिया।

प्रभारी मंत्री ने ग्रामीणों एवं किसानों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी बातों को सुना और हर संभव सहयोग व स्थाई समाधान का आश्वासन दिया।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने मकानों एवं खेतों की स्थिति देखी और राहत कार्यों की गति की समीक्षा की। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त पंपों की व्यवस्था की जाए तथा जल निकासी के लिए एक दीर्घकालीन योजना तैयार कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

इस अवसर पर शेरगढ़ विधायक बाबू सिंह राठौड़ एवं स्थानीय किसानों एवं ग्रामीणों ने अपने सुझाव साझा किए, जिन्हें प्रभारी मंत्री ने गंभीरता से सुना और उनका स्वागत किया। प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार किसानों के साथ खड़ी है और शीघ्र ही स्थाई समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।

इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य विभाग /सीएमएचओ को बरसाती बीमारी से बचाव एवं जल भराव वाले क्षेत्रों मैं कैम्प लगाकर/ टीम भेजकर मौसमी बीमारियों के रोकथाम के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिये गए।

उल्लेखनीय है कि गत दिनों हुई भारी वर्षा के बाद ग्राम पंचायत चामू, प्रहलादपुरा, मांसती नगर, गोदेलाई, राजसागर, पंडितों का बास, बारनाऊ व नाथडाऊ सहित अन्य गांवों में प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत कार्य प्रारंभ किए गए हैं। स्थानीय प्रशासन ने जल निकासी के स्थाई समाधान के लिए सर्वे उपरांत चिह्नित अलग अलग 20 स्थानों पर बोरवेल कम रिचार्ज स्ट्रक्चर से भी जलनिकासी की योजना प्रस्तुत की , जिस पर शीघ्र ही कार्यवाही की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव दिनेश कुमार, जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा, उपखंड अधिकारी भवानी सिंह, विकास अधिकारी चंपालाल आचार्य सहित विभागीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।