दिवाली पर जनता के बीच पहुंचे मंत्री मदन दिलावर,मोहल्ला बैठकों में सुनी लोगों की समस्याएं और दिए समाधान के निर्देश

Kota Rajasthan

कोटा — शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने दिवाली के अवसर पर अपने विधानसभा क्षेत्र रामगंज मंडी के कोटा नगर क्षेत्र के वार्ड नंबर 7, नयागांव भील बस्ती में पहुंचकर स्थानीय निवासियों से मुलाकात की और उन्हें दिवाली की शुभकामनाएं दीं।

भाजपा गणेश नगर मंडल द्वारा आयोजित मोहल्ला बैठकों की श्रृंखला की शुरुआत करते हुए मंत्री दिलावर ने कहा कि प्रदेश की सरकार जनता की है और उनकी हर मांग पूरी की जाएगी। उन्होंने कहा, “प्रदेश में सरकार आपकी है, मंत्री आपका है, इसलिए कोई भी समस्या अनसुलझी नहीं रहेगी।”

बैठक के दौरान स्थानीय लोगों ने मंत्री का फूल मालाओं से स्वागत किया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष रामचंद्र नागर, भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य सियाराम वैष्णव, कली चौहान सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता और मोहल्लेवासी मौजूद रहे।

मंत्री ने एक ही दिन में वार्ड नंबर 7 की छह मोहल्ला बैठकों को संबोधित किया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आमजन की समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।

विकास कार्यों की दी जानकारी

मंत्री दिलावर ने वार्ड में चल रहे सड़क, बिजली और पानी से संबंधित कार्यों की समीक्षा की। कोटा दक्षिण नगर निगम के सहायक अभियंता विष्णु वैष्णव ने बताया कि वार्ड में लगने वाली 1200 स्ट्रीट लाइटों में से 650 चालू कर दी गई हैं, और 15 किलोमीटर केबल बिछाई जा चुकी है।

जलदाय विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि क्षेत्र में पेयजल संकट को दूर करने के लिए 22 सोलर ट्यूबवेल लगाए गए हैं और कई स्थानों पर 5000 लीटर की बड़ी टंकियां स्थापित की गई हैं। मंत्री ने निर्देश दिया कि दिवाली के बाद बकाया पाइपलाइन कार्य 15 नवंबर तक पूरा किया जाए।

कुछ क्षेत्रों में सड़क निर्माण की शिकायतों पर दिलावर ने कोटा विकास प्राधिकरण के अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी। अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश सड़के बन चुकी हैं। मंत्री ने शेष गलियों में मजबूत सीसी रोड बनाने और झूलते विद्युत तारों व झुके पोलों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

मदन दिलावर ने कहा कि राज्य की डबल इंजन सरकार जनता के विश्वास पर खरी उतरेगी और हर मोहल्ले तक विकास पहुंचाने के लिए निरंतर काम कर रही है।