रोम में मोदी-मेलोनी मुलाकात:‘मेलोडी’ टॉफी बनी दोस्ती का प्रतीक,कोलोसियम में हुई अनौपचारिक बातचीत

Front-Page International

इटली दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रोम में इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच अनौपचारिक बातचीत और ‘मेलोडी’ टॉफी को लेकर हल्का-फुल्का पल भी चर्चा में रहा।

इतालवी प्रधानमंत्री मेलोनी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर प्रधानमंत्री मोदी को “माय फ्रेंड” कहकर स्वागत किया। वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने भी बताया कि दोनों नेताओं ने डिनर और ऐतिहासिक कालीज़ीयम के दौरे के दौरान कई वैश्विक और द्विपक्षीय मुद्दों पर बातचीत की।

‘मेलोडी’ शब्द सोशल मीडिया पर मोदी और मेलोनी की दोस्ती को लेकर लोकप्रिय इंटरनेट ट्रेंड बन चुका है। इसी संदर्भ में प्रधानमंत्री मोदी ने मेलोनी को ‘मेलोडी’ टॉफियों का सेट भेंट किया, जिस पर दोनों नेताओं ने मुस्कुराते हुए प्रतिक्रिया दी।

दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने इतालवी चित्रकार जियाम्पाओलो टोमासेट्टी की भी सराहना की। टॉमासेट्टी ने उन्हें वाराणसी पर आधारित एक पेंटिंग भेंट की। प्रधानमंत्री ने कहा कि कलाकार पिछले चार दशकों से भारतीय संस्कृति और वैदिक परंपराओं पर काम कर रहे हैं।

भारत और इटली के बीच हाल के वर्षों में व्यापार, निवेश, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा और तकनीकी सहयोग के क्षेत्रों में संबंध मजबूत हुए हैं। दोनों देश 2025-2029 संयुक्त रणनीतिक कार्ययोजना के तहत साझेदारी को आगे बढ़ा रहे हैं।