मोदी बोले-कांग्रेस के दिल में जलन भरी:MP के पिपरिया में कहा-शाही फैमिली धमका रही,मोदी तीसरी बार PM बने तो आग लग जाएगी

Front-Page Loksabha Election National Politics

नर्मदापुरम:-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को मध्य प्रदेश के पिपरिया पहुंचे। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में मप्र ने पूरे देश को चौंका दिया। होशंगाबाद से जो लहर उठी, वो पूरे देश में फैल गई थी।

PM ने कहा, ” कांग्रेस का शाही परिवार धमकी दे रहा है कि मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बना तो देश में आग लग जाएगी। बस देश को डराओ, घबराओ, आग फैलाओ। आज देश में आग नहीं लगी। यह जलन उनके दिल और दिमाग में ऐसे भरी पड़ी है कि वह उनको अंदर से जलाती जा रही है।”

प्रधानमंत्री मोदी भाजपा प्रत्याशी दर्शन सिंह चौधरी के लिए चुनावी सभा करने आए हैं। PM मोदी 8 दिन के भीतर तीसरी बार मध्य प्रदेश पहुंचे हैं। उनके साथ मंच पर मुख्यमंत्री मोहन यादव भी मौजूद हैं।

मोदी बोले- शाही जादूगर इतने वर्षों तक कहां छिपा था
कांग्रेस के शहजादे ने घोषणा की है कि एक झटके में देश की गरीबी हटा दूंगा। आखिर ये शाही जादूगर इतने वर्षों तक कहां छिपा था? 50 साल पहले इनकी दादी ने देश से गरीबी हटाने की घोषणा की थी। 2014 से पहले 10 साल तक इन्होंने रिमोट से सरकार चलाई। अब इनको एक झटके वाला मंत्र मिल गया है। ऐसे दावे करते हैं और हंसी के पात्र बन जाते हैं।

जहां दूसरों से उम्मीद खत्म, वहां से मोदी की गारंटी शुरू
एकलव्य मॉडल स्कूलों की संख्या 750 तक पहुंचाने के लिए तेजी से काम किया जाएगा। पिछड़ी जनजातियों के लिए 24000 करोड़ रुपए की पीएम जनमन योजना पर पहले से ही काम चल रहा है। मोदी के तीसरे कार्यकाल में इसे भी पूरा किया जाएगा। मोदी की गारंटी वहां से शुरू होती है, जहां दूसरों से उम्मीद खत्म हो जाती है।

इंडी गठबंधन की जैसी घातक सोच, वैसा घातक इनका घोषणा पत्र

प्रधानमंत्री ने कहा, इंडी गठबंधन तय नहीं कर पा रहा है कि उनकी सरकार क्या करना चाहती है, कैसे करना चाहती है। उनके घोषणापत्र में एक से बढ़कर एक खतरनाक वादे हैं। उनके एक साथी का घोषणापत्र कहता है कि देश से परमाणु हथियार खत्म कर देंगे। जैसी घातक इनकी सोच है, वैसा ही घातक उनका घोषणापत्र है।

मोदी बोले- हमने 3 करोड़ घर बनाने का संकल्प लिया
आने वाले समय में 3 करोड़ घर बनाने का हमने संकल्प लिया है। दिव्यांगों को भी इसका लाभ मिलेगा। यहां होशंगाबाद के किसानों को भी करीब 400 करोड़ रुपए किसान सम्मान निधि के मिले हैं। आने वाले 5 साल में ये पीएम किसान सम्मान निधि चालू रहेगी। करीब 2000 करोड़ रुपए यहां के किसानों के पास आएंगे। गरीबों को मुफ्त राशन ऐसे ही मिलता रहेगा। 5 लाख तक का मुफ्त इलाज चालू रहेगा। ये भी मोदी की गारंटी है।

कांग्रेस ने इतिहास को तोड़ा-मरोड़ा

पीएम मोदी ने कहा, कांग्रेस ने देश में आपातकाल या इमरजेंसी लगाई थी। कांग्रेस ने देश भर में लोकतांत्रिक सरकारों को जब मर्जी पत्तों के महल की तरह गिरा दिया। अपने हिसाब से इतिहास को तोड़ा-मरोड़ा। जो मन किया वो लिखवाया और खुद का ही महिमामंडन करवाया। कांग्रेस की मानें तो लोकतंत्र तब ठीक चल रहा था। लेकिन जैसे ही गरीब घर का बेटा प्रधानमंत्री बना, कांग्रेस अफवाह फैलाने लगी कि मोदी आया है, संविधान और लोकतंत्र पर खतरा हो जाएगा।

मोदी ने कहा- कांग्रेस का शाही परिवार दे रहा धमकी
पीएम मोदी बोले- अब तो कांग्रेस का शाही परिवार धमकी दे रहा है कि मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बना तो देश में आग लग जाएगी। आग देश में नहीं, उनके दिलों में लगी है। ये जलन उनके दिल और दिमाग में ऐसे भरी पड़ी है कि वो उनको अंदर से जलाती जा रही है। ये जलन भी मोदी के कारण नहीं है। ये जलन 140 करोड़ देशवासियों के मोदी के प्रति प्रेम के कारण है। वो ये प्रेम भी सहन नहीं कर पा रहे हैं।

आज देश के इतिहास का बहुत बड़ा दिन
मोदी बोले- धूप में आप आए, ये आपका प्यार
मोदी बोले- इतनी धूप में आप बड़ी संख्या में आशीर्वाद देने आए हैं। मुझे बताया गया था कि कल यहां तेज बारिश हुई थी, पता नहीं कार्यक्रम हो पाएगा या नहीं। लेकिन आपके प्यार ने इसे सफल बना दिया।

वीडी शर्मा बोले- कीचड़ हो या धूप, आज इतिहास रच दें
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा, कीचड़ हो, धूप हो या बारिश हो। आप प्रधानमंत्री मोदी जी के स्वागत के लिए खड़े होकर रिकॉर्ड बना दें। आज इतिहास रचने का दिन है।