प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर आयोजित सेवा पखवाड़ा और सांसद खेल महोत्सव 2025 के तहत रविवार को जोधपुर में “नमो युवा रन” मैराथन का आयोजन हुआ। इस दौड़ में सैकड़ों युवाओं ने जोश और उत्साह के साथ भाग लिया।
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने न केवल युवाओं संग दौड़ लगाई, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा, “भारत जिस तेजी से आगे बढ़ रहा है, उसके लिए फिट रहना जरूरी है, क्योंकि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन निवास करता है।”
कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने की। शेखावत ने प्रधानमंत्री मोदी के “फिट इंडिया मिशन” और मंत्र ‘खेलेगा इंडिया तो खिलेगा इंडिया’ को दोहराते हुए कहा कि आज 8 साल के बच्चों से लेकर 80 वर्ष तक के लोग इसमें शामिल हुए हैं।
मैराथन में महिला वर्ग में पारुल गोदारा पहले स्थान पर रहीं, जबकि पुरुष वर्ग में अर्जुन वैष्णव विजेता बने।
दौड़ के बाद शेखावत ने मैदान में सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश भी दिया। आयोजन में कई केंद्रीय व राज्य मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और सैकड़ों युवाओं ने भागीदारी दर्ज कराई।

