प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ओडिशा के झारसुगुड़ा में 50,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर ओडिशा के तेज़ विकास के लिए काम कर रही हैं और गरीब, दलित, पिछड़े और आदिवासी समुदायों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।
पीएम मोदी ने बीएसएनएल की स्वदेशी 4जी सेवाओं की शुरुआत की और कहा कि इससे भारत दुनिया के उन गिने-चुने पांच देशों में शामिल हो गया है जिनके पास पूरी तरह देश में विकसित 4जी तकनीक है। उन्होंने झारसुगुड़ा से करीब एक लाख 4जी टावरों का शुभारंभ किया, जिनमें से अधिकांश दूरदराज़ के ग्रामीण और आदिवासी इलाकों में इंटरनेट कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेंगे।
प्रधानमंत्री ने इस मौके पर 50,000 परिवारों को अंत्योदय गृह योजना के तहत पक्के मकानों की स्वीकृति पत्र भी सौंपे। उन्होंने कहा कि अब तक देशभर में चार करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को मकान दिए जा चुके हैं और ओडिशा में भी हज़ारों मकान तेजी से बन रहे हैं।
कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले दशक में ओडिशा गरीबी से बाहर निकलकर समृद्धि की ओर बढ़ेगा। उन्होंने बताया कि राज्य में जल्द ही दो सेमीकंडक्टर यूनिट और एक सेमीकंडक्टर पार्क स्थापित होगा। पीएम ने विज़न साझा करते हुए कहा कि अब फोन, टीवी और कारों में इस्तेमाल होने वाली चिप्स ओडिशा में ही बनेंगी।
उन्होंने देश में 70,000 करोड़ रुपये के शिपबिल्डिंग पैकेज का भी ऐलान किया, जिसके तहत 4.5 लाख करोड़ रुपये तक का निवेश आकर्षित होने और लाखों युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
पीएम मोदी ने नई शिक्षा और कौशल योजनाओं की भी शुरुआत की, जिनमें MERITE योजना और ओडिशा स्किल डेवलपमेंट प्रोजेक्ट का दूसरा चरण शामिल है। इसके तहत इंजीनियरिंग कॉलेजों और पॉलिटेक्निक संस्थानों को आधुनिक लैब्स और वैश्विक स्तर की रिसर्च सुविधाओं से जोड़ा जाएगा।
स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उन्होंने बर्हामपुर के एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज और संबलपुर के वीआईएमएसएआर को विश्वस्तरीय सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों के रूप में विकसित करने का शिलान्यास किया।
पीएम ने नए GST सुधारों को जनता के लिए बचत उत्सव बताते हुए कहा कि अब परिवारों को रोज़मर्रा के सामान पर सालाना 15-20 हजार रुपये तक की बचत हो रही है। किसानों को ट्रैक्टर और कृषि उपकरणों पर भी टैक्स में बड़ी राहत दी गई है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि ओडिशा अब रेलवे, हवाई कनेक्टिविटी और खनिज राजस्व में भी बड़ी छलांग लगा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में राज्य विकास की और भी तेज़ राह पर आगे बढ़ेगा।
इस अवसर पर ओडिशा के राज्यपाल डॉ. हरि बाबू कंभमपति, मुख्यमंत्री मोहन मांझी और केंद्रीय मंत्री जुअल ओराम सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। कई अन्य केंद्रीय मंत्री और राज्यों के मुख्यमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े।

