कोटा:-लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अपने संसदीय क्षेत्र कोटा के अतिवृष्टि प्रभावित इलाकों का दौरा किया और हालात का जायजा लिया। बिरला ने रानपुर इलाके में अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर बाढ़ जैसे हालातों की समीक्षा की और स्थायी समाधान के निर्देश दिए।
जलभराव पर चिंता, समाधान के निर्देश
कोटा में बीते दिनों हुई भारी बारिश के कारण नालों की बाउंड्री टूटने से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। अधिकारियों ने लोकसभा अध्यक्ष को इस संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
ओम बिरला ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नालों की क्षमता बढ़ाई जाए और जलनिकासी के वैकल्पिक मार्गों की पहचान कर शीघ्र प्रस्ताव तैयार किए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द राहत पहुंचाई जाए और समस्या के स्थायी समाधान के लिए योजनाएं बनाई जाएं।
बिरला ने अपने दिल्ली के सभी कार्यक्रम स्थगित कर कोटा पहुंचने का फैसला किया। उनके साथ राज्य के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर और ओएसडी राजीव दत्ता भी मौजूद रहे।
चंबल नदी हादसे पर जताई संवेदना
लोकसभा अध्यक्ष ने निमोदा हरिजी गांव पहुंचकर हाल ही में चंबल नदी में हुए हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया।
बिरला ने प्रशासन को निर्देश दिए कि राहत और खोजबीन के काम में तेजी लाई जाए और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
ग्रामीण क्षेत्रों का भी करेंगे दौरा
बिरला के दौरे का अगला चरण कोटा के ग्रामीण इलाकों का होगा, जहां वे बाढ़ से प्रभावित अन्य क्षेत्रों में जाकर हालात का जायजा लेंगे और लोगों की समस्याएं सुनेंगे।
लोकसभा अध्यक्ष के इस दौरे को क्षेत्र में हो रही आपदा के प्रति केंद्र और राज्य सरकार की संवेदनशीलता से जोड़कर देखा जा रहा है।

