कोटा/हाड़ौती। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शुक्रवार को कोटा प्रवास के दौरान सामाजिक कल्याण, पर्यटन विकास और शहरी व्यवस्थाओं से जुड़े कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण, हाड़ौती की पर्यटन संभावनाओं और हर जरूरतमंद को आवास उपलब्ध कराने को प्राथमिकता बताया।
शक्तिनगर स्थित कार्यालय में बिरला ने कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ से आए 22 दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल वितरित की। उन्होंने कहा कि ये ट्राइसाइकिल केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, सम्मान और बेहतर जीवन की दिशा में एक माध्यम हैं। बिरला ने बताया कि प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र के माध्यम से बीते छह महीनों में 2500 से अधिक दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को करीब 7 करोड़ रुपये के सहायक उपकरण वितरित किए जा चुके हैं।
इसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ने कोटा हाड़ौती ट्रैवल मार्ट का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि हाड़ौती क्षेत्र किलों, बावड़ियों, धार्मिक स्थलों और चंबल के प्राकृतिक सौंदर्य से समृद्ध है। चंबल सफारी, रिवरफ्रंट, बूंदी का तारागढ़ और पारंपरिक मेले-उत्सव इस क्षेत्र को विशिष्ट पहचान देते हैं। बिरला ने ट्रैवल एजेंट्स और होटल उद्योग से अपील की कि वे हाड़ौती को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर मजबूती से स्थापित करने में सहयोग करें।
दिन के अंतिम कार्यक्रम में सर्किट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक में बिरला ने शहरी विकास, आवास और स्वच्छता योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि हर जरूरतमंद परिवार को समय पर पक्की छत देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। लोकसभा अध्यक्ष ने ‘स्लम-लेस सिटी’ लक्ष्य के तहत आवासीय योजनाओं को तेज़ी से लागू करने और आगामी वर्षों में 10 हजार नए आवासों की चरणबद्ध योजना तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर निगम और केडीए से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं, सफाई व्यवस्था और सौंदर्यीकरण कार्यों की भी समीक्षा की गई। बिरला ने अधिकारियों को समयबद्ध क्रियान्वयन, आपसी समन्वय और नागरिक सुविधाओं में ठोस सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

