सीकर जिले के खाटूश्यामजी कस्बे में रविवार को राधा अष्टमी पर्व पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। अलसुबह से ही देशभर से पहुंचे हजारों श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचने लगे। श्रद्धालु 75 फुट लंबे दर्शन मार्ग की 14 कतारों से सुव्यवस्थित तरीके से होकर दरबार तक पहुंचे और बाबा श्याम के दर्शन किए।
इस मौके पर बाबा श्याम का श्रृंगार रंग-बिरंगे फूलों से आकर्षक ढंग से किया गया। झांकी के दर्शन करते ही श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और मंदिर परिसर बाबा श्याम के जयकारों से गूंज उठा।
भीड़ को देखते हुए श्री श्याम मंदिर कमेटी और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम किए। थानाधिकारी पवन कुमार चौबे स्वयं व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे थे और मंदिर परिसर व आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
रविवार और पर्व के संयोग के चलते दिनभर खाटू धाम में श्रद्धालुओं की अपार भीड़ बनी रही और पूरा नगर श्याम भक्ति से सराबोर हो उठा।

