रामनवमी के अवसर पर गुप्त वृंदावन धाम में भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव को बड़े उत्साह और धार्मिक आस्था के साथ मनाया गया। 27 मार्च को आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और ‘जय श्री राम’ के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
मंदिर परिसर में चार दिवसीय राम कथा का भी आयोजन किया गया, जिसमें भक्तों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। जन्मोत्सव के दिन संध्या समय राम तारक यज्ञ आयोजित हुआ, जिसमें भगवान राम के 108 पवित्र नामों का उच्चारण करते हुए आहुतियां दी गईं।
धाम के अध्यक्ष अमितासना दास ने यज्ञ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राम नाम का स्मरण जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लाने वाला माना जाता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

