बाड़मेर में खेत में जमीन के नीचे छिपाकर रखी अफीम बरामद,एक आरोपी गिरफ्तार

Rajasthan Rajasthan-Others

राजस्थान में नशे के खिलाफ कार्रवाई कर रही एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने बाड़मेर में एक और बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने खेत में बेर के पेड़ के नीचे जमीन में गड्ढा खोदकर छिपाकर रखी गई बड़ी मात्रा में अफीम बरामद की है।

ANTF के IG विकास कुमार के मुताबिक, टीम को सूचना मिली थी कि बाड़मेर ग्रामीण थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति अपने घर और खेत में अवैध मादक पदार्थ छिपाकर रखता है। सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई की।

तलाशी के दौरान खेत में बेर के पेड़ के नीचे जमीन खोदकर छिपाई गई 7.186 किलोग्राम अवैध अफीम का दूध और 1.016 किलोग्राम निर्मित अफीम बरामद की गई। मामले में 45 वर्षीय मोडाराम पुत्र मुलाराम प्रजापत, निवासी जुनाजा मेहरों की बस्ती, हरियाला, ग्राम पंचायत भाडखा, को गिरफ्तार किया गया।

ANTF IG विकास कुमार ने बताया कि नशे के तस्कर पुलिस और जांच एजेंसियों से बचने के लिए नशीले पदार्थों को घर या गोदाम के बजाय खेतों और जमीन के अंदर छिपाने जैसे तरीके अपना रहे हैं। ANTF अब ऐसे ठिकानों की पहचान कर वहां भी कार्रवाई कर रही है।

ANTF का कहना है कि कार्रवाई का मकसद सिर्फ नशीले पदार्थों की बरामदगी तक सीमित नहीं है, बल्कि इनके पीछे सक्रिय तस्करी के नेटवर्क को कमजोर करना भी है। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया नशा भी उसकी नजरों से बच नहीं पाएगा।

यह कार्रवाई ‘नशा मुक्त राजस्थान 2029’ के संकल्प के तहत की गई कार्रवाई का हिस्सा है। प्रेस नोट के मुताबिक, पिछले दो दिनों में बाड़मेर में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है और बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 85 लाख रुपये बताई गई है।