राजस्थान बजट 2026-27 पर विपक्ष का हमला:सचिन पायलट बोले ‘डबल इंजन का दोहरा कुठाराघात’,टीकाराम जूली ने कहा ‘खोखला और विश्वासघाती बजट’

Jaipur Politics Rajasthan

राजस्थान विधानसभा में पेश बजट 2026-27 को लेकर विपक्ष ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट तथा नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने बजट को निराशाजनक बताते हुए इसे जनता की अपेक्षाओं के विपरीत करार दिया।

सचिन पायलट ने कहा कि पहले केंद्रीय बजट में राजस्थान की अनदेखी की गई और अब राज्य सरकार ने अपने बजट से किसानों, युवाओं, महिलाओं और मध्यम वर्ग की उम्मीदों पर “पानी फेर दिया” है। उन्होंने इसे “डबल इंजन सरकार का दोहरा कुठाराघात” बताया।

पायलट ने शिक्षा क्षेत्र का मुद्दा उठाते हुए कहा कि हाईकोर्ट की फटकार के बाद सरकार ने स्कूलों की मरम्मत के लिए 21 हजार करोड़ रुपये की आवश्यकता मानी थी, लेकिन बजट में सिर्फ 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह विद्यार्थियों की सुरक्षा के प्रति सरकार की गंभीरता पर सवाल खड़ा करता है।

उन्होंने बेरोजगारी, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, किसानों के लिए सब्सिडी और औद्योगिक नीतियों को लेकर भी सरकार की आलोचना की। पायलट ने कहा कि हाईटेक सिटी, आईटी सिटी और एयरो सिटी जैसी घोषणाएं अब तक जमीन पर नहीं उतरीं और चार लाख नौकरियों के वादे पूरे नहीं हुए।

वहीं नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने बजट को “खोखला और सतही” बताया। उन्होंने दावा किया कि पिछले दो बजटों की 2718 घोषणाओं में से केवल 900 के आसपास ही पूरी हुई हैं, जबकि कई परियोजनाओं पर काम शुरू भी नहीं हुआ। जूली ने जल जीवन मिशन के तहत नल कनेक्शन के लक्ष्य और उपलब्धि के बीच अंतर का भी मुद्दा उठाया।

उन्होंने राज्य की वित्तीय स्थिति पर चिंता जताते हुए राजस्व घाटे और अनुमानित आय में कमी का जिक्र किया। जूली ने कहा कि सरकार भविष्य के बड़े विज़न की बात कर रही है, लेकिन वर्तमान की चुनौतियों से निपटने में विफल रही है।

मानसिक स्वास्थ्य जैसे मुद्दों पर सदन में कथित तौर पर हुई टिप्पणी और कुछ योजनाओं के नामकरण को लेकर भी उन्होंने सरकार पर निशाना साधा।

राज्य सरकार की ओर से बजट को विकासोन्मुख और समावेशी बताया गया है, लेकिन विपक्ष इसे ज़मीनी हकीकत से दूर बता रहा है। बजट पर विधानसभा और राजनीतिक हलकों में बहस जारी है।