पद्म पुरस्कार 2026 का ऐलान:धर्मेंद्र को पद्म विभूषण,अलका याग्निक और शिबू सोरेन को पद्म भूषण

Front-Page National

केंद्र सरकार ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर वर्ष 2026 के लिए 131 पद्म पुरस्कारों की घोषणा की है। इनमें 5 पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्मश्री पुरस्कार शामिल हैं। इस वर्ष के पद्म पुरस्कारों में कला, खेल, साहित्य, समाज सेवा और लोक संस्कृति से जुड़ी कई हस्तियों को सम्मानित किया गया है।

सरकार के अनुसार, दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र को पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश केटी थॉमस और केरल के पूर्व मुख्यमंत्री वीएस अच्युतानंदन को भी पद्म विभूषण देने की घोषणा की गई है।

पद्म भूषण पाने वालों में मशहूर गायिका अलका याग्निक और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन शामिल हैं। इनके अलावा उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी समेत कुल 13 हस्तियों को यह सम्मान मिलेगा।

पद्मश्री पुरस्कारों की सूची में अभिनेता आर माधवन, भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा, महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर, पैरा एथलीट प्रवीण कुमार और हॉकी खिलाड़ी सविता पूनिया जैसे चर्चित नाम शामिल हैं। कुल 113 लोगों को पद्मश्री से सम्मानित किया जाएगा।

इस वर्ष पद्म पुरस्कार पाने वालों में 19 महिलाएं शामिल हैं, जबकि 16 पुरस्कार मरणोपरांत दिए जा रहे हैं। सूची में 6 विदेशी, एनआरआई, पीआईओ और ओसीआई श्रेणी के सम्मानित भी हैं।

लोक कला और समाज सेवा के क्षेत्र से जुड़े कई नाम भी सूची में जगह बनाने में सफल रहे हैं। राजस्थान के डीग जिले के लोक गायक गफरुद्दीन मेवाती, जिन्होंने ‘पांडुन का कड़ा’ लोकगायन को जीवित रखा, को पद्मश्री से सम्मानित किया जाएगा। वहीं कर्नाटक के अंके गौड़ा, जिन्होंने अपना घर बेचकर एक विशाल सार्वजनिक पुस्तकालय खड़ा किया, को भी साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में सम्मान मिलेगा।

पंजाब के पूर्व डीआईजी इंद्रजीत सिंह सिद्धू, जो पिछले एक दशक से रोज़ सड़कों की सफाई कर रहे हैं, और छत्तीसगढ़ की सामाजिक कार्यकर्ता बुधरी ताती, जिन्होंने जीवन भर समाज सेवा को समर्पित किया, को भी पद्मश्री देने की घोषणा की गई है।

पद्म पुरस्कार देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में गिने जाते हैं और इन्हें पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री—इन तीन श्रेणियों में विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण योगदान के लिए प्रदान किया जाता है।