संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल का कांग्रेस पर हमला,बोले—भाजपा सरकार में प्रदेश नई पहचान के साथ प्रगति की राह पर

Jaipur Rajasthan

जयपुर 16 दिसम्बर 2025। संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा है कि भाजपा सरकार में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में गत दो वर्षों में राजस्थान ने विकास के नए आयाम कायम किए हैं। कांग्रेस के पांच साल और भाजपा के दो साल के कार्यकाल के दौरान विभिन्न विकास के तुलनात्मक आंकड़े मीडिया के माध्यम से राजस्थान की 8 करोड़ जनता को पता लगे हैं। इससे कांग्रेस के नेता भोंचक्के रह गए हैं और उनके पास कोई जवाब नहीं है। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अनर्गल बयानबाजी की है। उन्होंने 12 हजार रूपए किसान सम्मान निधि पर सवाल उठाए। हमारी सरकार ने पांच साल में किसान सम्मान निधि को 12 हजार रूपए करने का वादा किया था। हमने दो साल में ही 9 हजार रूपए कर दिए हैं और शीघ्र ही हम इसको 12 हजार रूपए भी करेंगे।

संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा हमारी सरकार के कार्यकाल में यूरिया, खाद, डीएपी, बीज की पूरी आपूर्ति हो रही है जबकि कांग्रेस को अपने कार्यकाल के आंकड़ों के साथ इसकी तुलना करनी चाहिए। कांग्रेस बताए कि उनके कार्यकाल में बच्चों को कितनी यूनिफॉर्म बांटी गई, कांग्रेस ने पेयजल की योजनाओं को जान-बूझकर लटकाया भटकाया अटकाया। जबकि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश की महत्वपूर्ण पेयजल परियोजनाओं को धरातल पर लाने का काम किया है। कांग्रेस को हमारी सरकार में धरातल पर उतरे 8 लाख करोड़ रूपए के निवेश को देखना चाहिए। जोगाराम पटेल ने कहा कि राजस्थान में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। प्रदेश प्रगति के पथ पर आगे जा रहा है। कांग्रेस को सकारात्मक भाव से राजनीति करनी चाहिए और नकारात्मकता को छोडना चाहिए।