जोधपुर, 04 अक्टूबर । संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने शनिवार को पंचायत समिति लूणी की ग्राम पंचायत सरेचा में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सरेचा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का अवलोकन किया। साथ ही सार्वजनिक निर्माण विभाग और ग्राम पंचायत के 204.5 लाख रूपये के विकास कार्यों का विधिवत शिलान्यास एवं लोकार्पण किया।
पटेल ने कहा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जन कल्याण और सुशासन के संकल्प को साकार करने के लिए कृत संकल्पित हैं। उन्होंने कहा लूणी के सड़क तंत्र विकसित बनाने के लिए अब तक 4 अरब से अधिक राशि के सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं।
जीएसटी रिफॉर्म से आमजन को मिल रही प्रत्यक्ष राहत
संसदीय कार्य मंत्री ने कहा नेक्स्ट जनरेशन जीएसटी रिफॉर्म से दैनिक उपयोग की वस्तुओं सहित हर उत्पाद की दरों में कमी आई है जिससे आमजन को राहत मिली है। उन्होंने कहा जीएसटी की दरों में कटौती से देशवासियों को प्रति वर्ष लगभग 250 लाख करोड़ रूपये की प्रत्यक्ष बचत सुनिश्चित होगी।
91 हजार युवाओं को दी नियुक्ति
पटेल ने कहा हमारी सरकार ने 5 वर्ष में 4 लाख सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा इस लक्ष्य प्राप्ति की दिशा में अब तक विभिन्न रोजगार उत्सवों में 91 हजार युवाओं को नियुक्ति दी गई है और 1 लाख 54 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन है। उन्होंने कहा वर्षों बाद ड्राइवर एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पदों पर भी भर्ती की गई है।
विभागीय अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश संसदीय कार्य मंत्री ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को परंपरागत रास्ते जो राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज नहीं है उन्हें रिकॉर्ड में दर्ज करने,फॉर्मर रजिस्ट्री का लक्ष्य शत-प्रतिशत प्राप्त करने, पेंशन वेरिफिकेशन,एनएफएसए के तहत शत प्रतिशत ई- केवाईसी करने के निर्देश दिए। उन्होंने जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को क्षेत्र में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिविर में विभिन्न स्टॉल्स का किया निरीक्षण
पटेल ने शिविर में विभिन्न विभागों की स्टॉल्स का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों से योजनाओं और उनकी क्रियान्विति के संबंध में सम्पूर्ण जानकारी ली। उन्होंने पीएम मातृ वंदना योजना की लाभार्थी कुसुम एवं सुमित्रा को कार्ड वितरित किए। टीबी मुक्त भारत के तहत पोषण किट का वितरण किया गया। उन्होंने एक पेड़ मां के नाम अभियान और हरियालो राजस्थान के तहत कार्यक्रम स्थल पर पौधारोपण किया।
शिविर में राजस्व संबंधी कार्य हुए संपादित
शिविर प्रभारी तहसीलदार लूणी इमरान ने बताया कि राजस्व विभाग द्वारा शिविर में काश्तकारों के शुद्धि पत्र के 12 प्रकरण, सहमति से विभाजन के 2 प्रकरण, नामांतरण के 15 प्रकरणों पर आवश्यक कार्यवाही कर आमजन को राहत प्रदान की गई। वहीं शिविर में 9 जाति प्रमाण पत्र और 2 ईडब्लूएस प्रमाण पत्र जारी किए गए।
इन कार्यों का किया लोकार्पण
- विधायक निधि से बस स्टैंड पर वाचनालय निर्माण,10 लाख रूपये।
- विधायक निधि से राउमावि सरेचा कक्षा- कक्ष निर्माण, 8 लाख रूपये ।
- सांसद निधि से केवलाराम के घर से कलाराम के घर तक खरंजा, 8 लाख रूपये
- ग्राम पंचायत के 7 विकास कार्य लागत 73.5 लाख रूपये।
- शिलान्यास- सरेचा खेड़ा से भेरजी पटेल की ढाणी तक सड़क, 105 लाख रूपये।
ये रहे उपस्थित
शिविर में सरपंच मोहिनी पटेल, जिला परिषद सदस्य चैनाराम पटेल, उपखंड अधिकारी हसमुख कुमार, विकास अधिकारी कंवरलाल सोनी छोटू सिंह राठौड़,राकेश बिश्नोई, भल्लाराम, नरपतसिंह, भंवरसिंह सहित जनप्रतिनिधि एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।

