बीजेपी में तीन जिलाध्यक्षों का चुनाव,पार्टी संगठन चुनाव कार्यक्रम से अब भी पीछे

Jaipur Rajasthan

बीजेपी ने मंगलवार को तीन जिलों में जिलाध्यक्षों का निर्वाचन किया। जयपुर देहात में एक बार फिर राजेश गुर्जर को जिलाध्यक्ष चुना गया, जहां मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा में आंतरिक लोकतंत्र की मजबूत परंपरा है, जिसे लगातार निभाया जा रहा है।

इसके अलावा, उदयपुर शहर से गजपाल सिंह राठौड़ और उदयपुर देहात से पुष्कर तेली को जिलाध्यक्ष चुना गया। अब तक बीजेपी में 26 जिलाध्यक्षों का निर्वाचन पूरा हो चुका है, जबकि 18 जिलों में अभी यह प्रक्रिया बाकी है।

संगठन चुनाव में देरी

बीजेपी का संगठनात्मक चुनाव तय कार्यक्रम से एक महीने पीछे चल रहा है। पार्टी को 30 दिसंबर 2024 तक सभी जिलाध्यक्षों के नाम घोषित करने थे और 15 जनवरी तक प्रदेशाध्यक्ष का निर्वाचन करना था। अब यह प्रक्रिया 31 जनवरी तक जिलाध्यक्षों और 5 फरवरी तक प्रदेशाध्यक्ष के चुनाव के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है।

60 हजार नौकरियों का दावा

बगरू के नरसिंहपुरा में बीजेपी जयपुर देहात दक्षिण के संगठन पर्व को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि किसानों, महिलाओं और युवाओं के सशक्तिकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। किसानों को गेहूं की एमएसपी पर 125 रुपये अतिरिक्त और किसान सम्मान निधि की अतिरिक्त किश्त के रूप में 2,000 रुपये दिए जा रहे हैं।

सीएम ने कहा कि अब तक 60 हजार से ज्यादा पदों पर नियुक्तियां दी जा चुकी हैं। साथ ही, ईआरसीपी (राम जलसेतु लिंक परियोजना) और शेखावटी क्षेत्र के लिए यमुना जल समझौते का मार्ग प्रशस्त किया गया है। राज्य सरकार ने 2027 तक किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है और इस दिशा में केंद्र सरकार के साथ 2.24 लाख करोड़ रुपये के एमओयू साइन किए गए हैं।