करीब दो साल बाद पेट्रोल-डीजल महंगे,दिल्ली में पेट्रोल ₹97.77 और डीजल ₹90.67 प्रति लीटर

Front-Page National

केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में ₹3 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। नई दरें 15 मई से लागू हो गई हैं। इसके बाद दिल्ली में पेट्रोल की कीमत ₹97.77 और डीजल ₹90.67 प्रति लीटर हो गई है। वहीं, कई शहरों में CNG के दाम भी ₹2 प्रति किलो तक बढ़ाए गए हैं।

करीब दो साल बाद ईंधन की कीमतों में यह बढ़ोतरी ऐसे समय हुई है, जब पश्चिम एशिया में जारी तनाव और कच्चे तेल की वैश्विक कीमतों में तेजी से ऊर्जा बाजार पर दबाव बढ़ा है। ब्रेंट क्रूड की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच चुकी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में तेलंगाना में एक कार्यक्रम के दौरान पेट्रोल, डीजल और गैस के संयमित इस्तेमाल की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि आयातित पेट्रोलियम उत्पादों का उपयोग जरूरत के अनुसार ही किया जाना चाहिए, ताकि विदेशी मुद्रा की बचत हो सके।

सरकार का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के कारण सरकारी तेल कंपनियों पर दबाव बढ़ा है। पेट्रोलियम मंत्रालय के मुताबिक इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी कंपनियों को हर महीने हजारों करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा था।

डीजल की कीमत बढ़ने का असर मालभाड़े, खेती की लागत और सार्वजनिक परिवहन पर पड़ सकता है। ट्रांसपोर्ट महंगा होने से सब्जियां, फल और रोजमर्रा की वस्तुएं भी महंगी हो सकती हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेजी जारी रही तो आने वाले समय में ईंधन के दामों में और बढ़ोतरी संभव है।