इंफाल/चुराचांदपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को मणिपुर पहुंचे। मई 2023 में राज्य में भड़की हिंसा के बाद यह उनका पहला दौरा है। उन्होंने सबसे पहले चुराचांदपुर का रुख किया, जो कुकी बहुल इलाका है और हिंसा से सबसे अधिक प्रभावित रहा था।
चुराचांदपुर में पीएम मोदी ने 7,300 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “मणिपुर की धरती हौसलों और हिम्मत की धरती है, लेकिन दुर्भाग्य से हिंसा ने इसे प्रभावित किया। मैं सभी संगठनों से अपील करता हूं कि शांति का मार्ग अपनाएं और अपने बच्चों का भविष्य सुरक्षित करें। मैं वादा करता हूं कि भारत सरकार हमेशा आपके साथ खड़ी है।”
कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री इंफाल के लिए रवाना हुए। इंफाल मैतेई बहुल क्षेत्र है, जबकि चुराचांदपुर कुकी बहुल इलाका है। मई 2023 की हिंसा के बाद दोनों समुदायों के बीच आवाजाही बंद हो गई थी।
गौरतलब है कि 1988 में राजीव गांधी के बाद चुराचांदपुर जाने वाले मोदी पहले प्रधानमंत्री हैं।

