दिल्ली चुनाव प्रचार में PM मोदी का हमला,केजरीवाल पर लगाए गंभीर आरोप

Front-Page National Politics

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए दिल्ली पहुंचे और करतार नगर में 50 मिनट का संबोधन दिया। इस दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) पर शिक्षा और शराब घोटाले का आरोप लगाया और शीशमहल विवाद पर भी निशाना साधा। पीएम मोदी ने यमुना के पानी में जहर मिलाने के अरविंद केजरीवाल के आरोपों को खारिज करते हुए इसे “हरियाणा के लोगों का अपमान” बताया।

मोदी के संबोधन की 9 बड़ी बातें:

1. ‘AAP-दा की लूट और झूठ नहीं चलेगा’

पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली के लोग अब झूठे वादों से तंग आ चुके हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी को निशाना बनाते हुए कहा, “दिल्ली कह रही है कि अब AAP-दा की लूट और झूठ नहीं चलेगा।”

2. ‘दिल्ली को भाजपा की डबल इंजन सरकार चाहिए’

मोदी ने कहा कि दिल्ली के लोग भाजपा की सरकार चाहते हैं, जो गरीबों के घर बनाए, हर घर में पानी पहुंचाए और टैंकर माफिया से मुक्ति दिलाए।

3. ‘कांग्रेस और AAP ने 25 साल में दो पीढ़ियां बर्बाद की’

उन्होंने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस और AAP ने मिलकर 25 साल में दो पीढ़ियां बर्बाद कर दीं और अब बदलाव का समय है।

4. ‘हरियाणा के लोग जहर नहीं मिला सकते’

केजरीवाल के यमुना जल पर दिए बयान का जवाब देते हुए पीएम ने कहा, “क्या हरियाणा के लोग अपने बच्चों के पानी में जहर मिला सकते हैं? दिल्ली के जज, सम्मानित सदस्य और खुद प्रधानमंत्री भी यही पानी पीते हैं।”

5. ‘AAP की लुटिया यमुना में डूबेगी’

मोदी ने कहा कि AAP को जनता चुनाव में सबक सिखाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली विधानसभा का कामकाज बेहद कम हुआ है, जिससे AAP की नीयत पर सवाल उठता है।

6. ‘5 फरवरी को AAP को सजा देने का मौका’

पीएम ने सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाने के लिए AAP पर निशाना साधा और कहा कि 5 फरवरी को जनता को उन्हें सबक सिखाना चाहिए।

7. ‘शीशमहल बनाने वाले गरीबों के घर के बारे में नहीं सोचते’

उन्होंने कहा कि झुग्गीवासियों को मोदी की गारंटी है कि उन्हें पक्का घर मिलेगा, लेकिन AAP केवल झूठे वादे कर रही है।

8. ‘केजरीवाल ने CAG रिपोर्ट को दबाया’

मोदी ने आरोप लगाया कि केजरीवाल सरकार ने CAG रिपोर्ट को दबाकर रखा है क्योंकि इसमें शराब घोटाला, शीशमहल घोटाला और अस्पताल घोटाले की पोल खुल सकती है।

9. ‘AAP और कांग्रेस का छिपा गठबंधन’

पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि AAP को अपनी हार का एहसास हो गया है और अब वे कांग्रेस के साथ पर्दे के पीछे गठबंधन कर रहे हैं।

दिल्ली में 5 फरवरी को विधानसभा चुनाव होने हैं और भाजपा व AAP के बीच तीखी टक्कर देखने को मिल रही है।