भारत से 100 देशों को निर्यात होंगे इलेक्ट्रिक वाहन,पीएम मोदी ने गुजरात में ग्रीन मोबिलिटी पहल की शुरुआत की

Front-Page National

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को गुजरात के हंसलपुर में ग्रीन मोबिलिटी पहल की शुरुआत करते हुए मारुति सुजुकी के पहले ‘मेड-इन-इंडिया’ बैटरी इलेक्ट्रिक वाहन (BEV) “ई-विटारा” को हरी झंडी दिखाई। इसके साथ ही भारत में बने इलेक्ट्रिक वाहन अब 100 देशों, जिनमें यूरोप और जापान जैसे विकसित बाजार भी शामिल हैं, को निर्यात किए जाएंगे।

मोदी ने कहा, “आज से भारत दुनिया को ‘मेड इन इंडिया’ इलेक्ट्रिक वाहन देगा। भारत के पास लोकतंत्र की ताकत, जनसांख्यिकी का लाभ और कुशल कार्यबल का विशाल भंडार है, जो हर साझेदार के लिए फायदे का सौदा है।”

इस मौके पर पीएम ने हाइब्रिड बैटरी इलेक्ट्रोड निर्माण की शुरुआत की भी घोषणा की। टीडीएस लिथियम-आयन बैटरी प्लांट में बनी ये बैटरियां भारत को ईवी निर्माण में आत्मनिर्भर बनाने में मदद करेंगी।

मोदी ने कहा कि EVs केवल विकल्प नहीं, बल्कि कई समस्याओं का समाधान हैं। उन्होंने हाइब्रिड एम्बुलेंस प्रोटोटाइप का जिक्र करते हुए बताया कि यह पीएम ई-ड्राइव योजना के अनुरूप है, जिसके तहत ₹11,000 करोड़ का प्रावधान किया गया है।

उन्होंने भारत-जापान साझेदारी को रेखांकित करते हुए कहा कि मारुति सुजुकी का सफर अब ‘बुलेट ट्रेन’ की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में जापान अहम साझेदार बना रहेगा।

इस कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, जापान के राजदूत ओनो केइइची और सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।