तिरुवनंतपुरम (केरल): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में रेल संपर्क, शहरी आजीविका, विज्ञान-नवाचार और स्वास्थ्य से जुड़ी कई अहम विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के प्रयासों से केरल के विकास को नई गति मिली है और तिरुवनंतपुरम को एक प्रमुख स्टार्टअप हब के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि केरल से ही देशभर के गरीबों के कल्याण की एक बड़ी पहल की शुरुआत हुई है। उन्होंने पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड लॉन्च करते हुए बताया कि इससे देशभर के रेहड़ी-पटरी वालों और फुटपाथ पर काम करने वाले लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। यह योजना उन्हें आसान, डिजिटल और ब्याज-मुक्त ऋण सुविधा उपलब्ध कराएगी।
पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में शहरों की भूमिका अहम है और पिछले 11 वर्षों में केंद्र सरकार ने शहरी बुनियादी ढांचे में बड़े पैमाने पर निवेश किया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत देशभर में चार करोड़ से अधिक घर बनाए गए हैं, जिनमें केरल के करीब 1.25 लाख शहरी गरीब परिवारों को पक्के मकान मिले हैं।
प्रधानमंत्री ने आयुष्मान भारत योजना, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और महिलाओं के लिए मातृ वंदना योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इन योजनाओं से गरीब और मध्यम वर्ग को सीधा लाभ मिला है। उन्होंने यह भी कहा कि आयकर में राहत से केरल के मध्यम वर्ग और वेतनभोगी लोगों को विशेष फायदा हुआ है।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने अमृत भारत एक्सप्रेस सहित चार नई रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाई, जिससे केरल सहित दक्षिण भारत के कई राज्यों के बीच संपर्क मजबूत होगा। इसके अलावा, तिरुवनंतपुरम में सीएसआईआर इनोवेशन हब और मेडिकल कॉलेज में रेडियो सर्जरी सेंटर की भी आधारशिला रखी गई।
प्रधानमंत्री ने कहा कि एक विकसित केरल, विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए जरूरी है और केंद्र सरकार इस लक्ष्य में केरल के साथ मजबूती से खड़ी है।

