सिक्किम दौरे पर पीएम मोदी,गंगटोक में रोड शो;4,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का करेंगे शुभारंभ

Front-Page National

पूर्वोत्तर राज्य सिक्किम के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को गंगटोक में रोड शो किया, जहां लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री सिक्किम के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह के समापन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। यह कार्यक्रम पालजोर स्टेडियम में आयोजित होगा, जहां वे 4,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे।

इन परियोजनाओं में बुनियादी ढांचा, कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा, शहरी विकास, पर्यटन और कृषि जैसे कई क्षेत्र शामिल हैं। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए नामची जिले के यांगांग में 100 बिस्तरों वाले आयुर्वेद अस्पताल की आधारशिला रखी जाएगी, जबकि देओराली में एकीकृत सोवा-रिग्पा अस्पताल का उद्घाटन भी किया जाएगा।

शिक्षा क्षेत्र में सिक्किम विश्वविद्यालय के स्थायी परिसर सहित कई संस्थानों का उद्घाटन किया जाएगा, वहीं 160 स्कूलों में आईटी आधारित शिक्षा ढांचे की शुरुआत भी की जाएगी।

कनेक्टिविटी सुधारने के लिए तीस्ता नदी पर दो नए पुलों की आधारशिला रखी जाएगी और सड़क नेटवर्क को भी मजबूत किया जाएगा। इसके अलावा, गंगटोक में बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क को उन्नत किया जाएगा।

प्रधानमंत्री मंगलवार को गंगटोक के ऑर्किडेरियम का भी दौरा करेंगे, जहां राज्य की जैव-विविधता और पुष्पीय विरासत को प्रदर्शित किया गया है।सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से सिक्किम में समावेशी और समग्र विकास को गति मिलेगी।