PM मोदी बोले-मैं कप प्लेट धोते-धोते बड़ा हुआ हूं:मिर्जापुर को सपा ने बदनाम कर दिया था,अनुप्रिया पटेल के लिए किया प्रचार

Front-Page Loksabha Election National Politics

पीएम नरेंद्र मोदी ने मिर्जापुर में चुनावी रैली में कहा-मैं बचपन से कप-प्लेट धोते और चाय पिलाते बड़ा हुआ हूं। जैसे ही विजय का सूरज उगता है तो कमल भी खिलता है। उसी समय कप-प्लेट की याद आती है। चाय की चुस्की लेने का मन करता है। मोदी और चाय का नाता इतना तगड़ा है।

पीएम ने कहा- सपा सरकार ने मिर्जापुर को बदनाम कर दिया था। पूर्वांचल को माफिया का सुरक्षित ठिकाना बना दिया था। जीवन या जमीन कब छिन जाए, कोई नहीं जानता था। योगी जी मेरे स्वच्छता अभियान को बहादुरी से आगे बढ़ा रहे हैं। सपा सरकार में पहले जनता थर-थर कांपती थी, अब माफिया कांप रहा है।

पीएम ने 28 मिनट जनसभा को संबोधित किया। पीएम ने भोजपुरी से भाषण की शुरुआत की। उन्होंने लोगों से पूछा- आप लोगन के का हालचाल बा, आप लोगन मजे में हैं न?

पीएम ने मिर्जापुर से अपना दल (एस) की प्रत्याशी अनुप्रिया पटेल और रॉबर्ट्सगंज से अपना दल (एस) प्रत्याशी रिंकी कोल के लिए वोट की अपील की।

पीएम मिर्जापुर के बाद मऊ, फिर देवरिया में रैली करेंगे।

सपा के इरादे खतरनाक

पीएम ने कहा- अब तो इनके निशाने पर हमारे देश का पवित्र संविधान भी है। ये दलित, पिछड़ों और आदिवासियों का हक लूटना चाहते हैं। हमारा संविधान कहता है कि धर्म के आधार पर आरक्षण हो ही नहीं सकता। इनके इरादे कितने खतरनाक है, आज मैं खुलासा कर रहा हूं।

2012 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के समय समाजवादी पार्टी ने अपना घोषणा पत्र जारी किया था। तब सपा ने अपने घोषणा पत्र में कहा था, जैसे दलितों, पिछड़ों को आरक्षण मिला है, वैसे ​ही मुसलमानों को भी आरक्षण दिया जाएगा।

सपा ने कहा था, वो इसके लिए संविधान तक बदल देगी। सपा ने घोषणा की थी कि पुलिस और पीएसी में भी 15 प्रतिशत आरक्षण मुसलमानों को दिया जाएगा। ये लोग अपने वोट बैंक को खुश करने के लिए किस तरह SC-ST-OBC का हक छीनने पर तुले हुए थे।

संविधान सपा बदलना चाहती है। मैं आपसे पूछता हूं कि आप अपना हक छीनने देंगे। क्या बाबा साहब की पीठ पर छुरा घोंपने देंगे क्या?

सपा वालों का कानून व्यवस्था से 36 का आंकड़ा

पीएम ने कहा कि सपा सरकार ने मिर्जापुर को बदनाम कर दिया था। पूर्वांचल को माफिया का सुरक्षित ठिकाना बना दिया था। जीवन या जमीन कब छिन जाए, कोई नहीं जानता था। सपा सरकार में माफिया को भी वोट बैंक के हिसाब से देखा जाता था। योगीजी मेरे स्वच्छता अभियान को बहादुरी से आगे बढ़ा रहे हैं। सपा सरकार में पहले जनता थर-थर कांपती थी, अब माफिया कांप रहा है।

कानून व्यवस्था और समाजवादी पार्टी का छत्तीस का आंकड़ा है। जो आतंकी पकड़े जाते थे, उनको भी ये सपा वाले छोड़ देते थे। जो पुलिस अफसर इसमें आनाकानी करता था, सपा सरकार उसे सस्पेंड कर देती थी।

जो डूब रहे हैं, इन्हें वोट देंगे क्या

मान लीजिए कोई कंपनी डूब रही तो उसका शेयर कोई खरीदेगा क्या? जो डूब रहा है, उसमें कोई 10 रुपए भी लगाएगा क्या? तो ये जो डूब रहे हैं, इन्हें वोट देंगे क्या? किसी चौराहे पर जाइए, पूछिए किसे वोट देंगे। 100 में से 90 लोग बताएंगे कि भाजपा को देना है। तो आप भी वोट बर्बाद न करें।

6 चरणों के मतदान में देश ने तीसरी बार भाजपा-एनडीए की मजबूत सरकार को पक्का कर दिया है। भारत ने तीसरी बार मोदी सरकार बनाने का मन क्यों बनाया? इसका सीधा-सीधा कारण है- नेक नीयत, नेक नीतियां और राष्ट्र निष्ठा।

इंडी गठबंधन वाले कह रहे 5 साल में 5 प्रधानमंत्री बनेगा, ऐसा होता है क्या?

ज्येष्ठ का ये म​हीना हमारी परंपरा में विशेष होता है और इसका हर मंगलवार बहुत खास होता है। इस बार का बुढ़वा मंगल और भी विशेष है, क्योंकि 500 साल बाद ये पहला बुढ़वा मंगल होने वाला है, जब बजरंग बली के प्रभु राम अयोध्या में अपने भव्य मंदिर में विराजे होंगे। ये इतनी बड़ी खुशी है कि शायद हम सबसे ज्यादा बजरंगबली खुश होते होंगे।

हम अपना घर बनाते हैं। एक मिस्त्री या किसी काम करने वाले को तय करते हैं। हर महीने मिस्त्री बदलते हैं तो वह घर रहने लायक रहेगा क्या? सभी को मालूम हैं कि एक छोटा सा घर भी बनाना है तो बार-बार मिस्त्री नहीं बदलत। ये सपा और इंडी गठबंधन कह रहा कि 5 साल में 5 प्रधानमंत्री। बताइए ऐसा होता है क्या?

अनुप्रिया बोलीं- मिर्जापुर में गरीबों तक योजनाएं पहुंची रहीं

अनुप्रिया पटेल ने कहा-विकसित उत्तर प्रदेश में मिर्जापुर विकसित बनेगा। जिले में मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज बन गया है। मुख्यमंत्री ने विंध्य विश्वविद्यालय की सौगात दी है।

मिर्जापुर गरीबों तक भारत सरकार की तमाम योजनाएं पहुंची हैं। उत्तर प्रदेश के विकास का पहिया तेजी से आगे बढ़ा है।

जिले के विकास के पहिए का काम आगे बढ़ने का एक वोट से संभव हो पाएगा। जिले को विकास की ऊंचाइयों पर देखना चाहते हैं, तो मेरा चुनाव निशान कप प्लेट है।