प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को प्रयागराज में संगम में स्नान किया। उन्होंने भगवा वस्त्र धारण किए थे और हाथ व गले में रुद्राक्ष की मालाएं पहनी थीं। मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने अकेले संगम में डुबकी लगाई। स्नान के बाद पीएम ने सूर्य को अर्घ्य दिया और पांच मिनट तक मंत्र जाप करते हुए सूर्य पूजा की। इसके बाद संगम नोज पर गंगा पूजन किया, मां गंगा को दूध अर्पित किया और साड़ी चढ़ाई।
संगम स्नान के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “आज पवित्र संगम में स्नान के बाद पूजा-अर्चना का परम सौभाग्य मिला। मां गंगा का आशीर्वाद पाकर मन को असीम शांति और संतोष मिला है।”
गंगा पूजन के बाद लौटे दिल्ली
गंगा पूजन के बाद प्रधानमंत्री मोदी बोट से अरैल घाट पहुंचे और वहां से सीधे दिल्ली के लिए रवाना हो गए। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनके साथ थे।
दो घंटे प्रयागराज में रहे पीएम मोदी
महाकुंभ में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पीएम मोदी का कार्यक्रम बेहद संक्षिप्त रखा गया। वह करीब दो घंटे प्रयागराज में रहे और किसी से मुलाकात नहीं की। यहां तक कि दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी सिर्फ बमरौली एयरपोर्ट तक ही सीमित रहे।
सुबह करीब 10:30 बजे पीएम का विमान दिल्ली से बमरौली एयरपोर्ट पहुंचा, जहां सीएम योगी ने उनका स्वागत किया। इसके बाद हेलिकॉप्टर से पीएम डीपीएस हेलीपैड पहुंचे और वहां से अरैल के वीआईपी घाट गए। वहां से उन्होंने योगी आदित्यनाथ के साथ बोट के जरिए संगम पहुंचकर स्नान और पूजन किया।
कड़ी सुरक्षा के बीच महाकुंभ में पीएम का दूसरा दौरा
पीएम मोदी के दौरे को देखते हुए मेले की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। संगम क्षेत्र में पैरामिलिट्री फोर्स भी तैनात की गई। यह 54 दिनों में महाकुंभ का उनका दूसरा दौरा था। इससे पहले वे 13 दिसंबर को यहां आए थे।

